
देवभूमि जन हुंकार, हरिद्वार/लक्सर (16 अगस्त 2026): हरिद्वार जनपद की लक्सर कोतवाली पुलिस ने मानव सेवा और रक्तदान जैसे अत्यंत पवित्र कार्य की आड़ में चल रहे अवैध खून के काले कारोबार का बड़ा पर्दाफाश किया है। पुलिस टीम ने अलावलपुर तिराहे पर घेराबंदी कर दो संदिग्ध गाड़ियों से 27 यूनिट ताजा रक्त, 27 खाली ब्लड बैग, मेडिकल उपकरण और फर्जी प्रमाण पत्र बरामद करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
गांव-देहात में फर्जी कैंप, दूसरे राज्यों में ऊंची कीमत पर बिक्री
प्रारंभिक पुलिस जांच में सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि आरोपी एक संगठित सिंडिकेट के रूप में काम कर रहे थे। ये लोग हरिद्वार और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बिना स्वास्थ्य विभाग या सक्षम प्राधिकारी की अनुमति/लाइसेंस के ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित करते थे।
शिविरों में भोले-भाले ग्रामीणों को रक्तदान के लिए प्रेरित कर उनका खून निकाला जाता था। एकत्रित किए गए इस रक्त को किसी अधिकृत ब्लड बैंक में जमा कराने के बजाय गुप्त रूप से दूसरे राज्यों में ले जाकर अवैध रूप से ऊंचे दामों पर बेच दिया जाता था।
अलावलपुर तिराहे पर चेकिंग के दौरान खुली पोल
16 अगस्त 2026 को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर चौकी सुल्तानपुर प्रभारी उपनिरीक्षक बीरेन्द्र सिंह नेगी एवं चौकी भिक्कमपुर प्रभारी उपनिरीक्षक यशवीर सिंह नेगी की टीम ने अलावलपुर तिराहे पर वाहनों की चेकिंग शुरू की।
इस दौरान दो संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली गई:
-
स्विफ्ट कार (UK-08-BL-3257): डिग्गी में रखे आइस बॉक्स से 27 यूनिट रक्त, 27 खाली ब्लड बैग और रक्त संग्रहण/जांच उपकरण बरामद हुए।
-
स्कॉर्पियो एन (UP-20-CD-8085): 4 ब्लड डोनर चेयर, डोनर फॉर्म बुक, वजन मशीन, अमृत चैरिटेबल ब्लड सेंटर के 28 प्रमाण पत्र, स्लाइड और 4 आर्म बेल्ट बरामद हुईं।
पुलिस ने मौके से निम्नलिखित 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है:
-
अनित सैनी पुत्र राजेश कुमार, निवासी फतवा, थाना लक्सर, हरिद्वार।
-
शुभम कुमार पुत्र जीतराम, निवासी ग्राम माड़ा बेला, पोस्ट चन्दपुरी कला, थाना खानपुर, हरिद्वार।
-
दुष्यन्त कुमार पुत्र मदनलाल सैनी, निवासी सुरेन्द्र नगर कॉलोनी, आवास विकास, थाना कोतवाली सदर, बिजनौर (उत्तर प्रदेश)।
-
कावेन्द्र कुमार पुत्र विजयपाल सिंह, निवासी निकट सद्भावना अस्पताल, हरतला, थाना सिविल लाइन, मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश)।
-
दया सिंह पुत्र ओमकार सिंह, निवासी ग्राम ईसमपुर ढाणा, थाना गीनौर, जनपद सम्भल (उत्तर प्रदेश)।
कोतवाली लक्सर में पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 829/2026, धारा 18(सी), 27 ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(1) के अंतर्गत आपराधिक अभियोग पंजीकृत किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने इस सफल कार्रवाई के बाद स्पष्ट संदेश देते हुए कहा:
“रक्तदान जैसे जीवनरक्षक और पुनीत कार्य की आड़ में गैरकानूनी गतिविधियां चलाने और लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले किसी भी माफिया को किसी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। जनपद में अवैध मेडिकल सिंडिकेट्स और रक्त माफियाओं के खिलाफ यह सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा।”
- 👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
- 👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
- 👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें




