
देवभूमि जन हुंकार, ऊधमसिंहनगर / सितारगंज: उत्तराखंड के ऊधमसिंहनगर जनपद में अपराधियों और चोरों के हौसलों पर नकेल कसने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री अजय गणपति के कुशल निर्देशन में जनपद में अपराध एवं चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली सितारगंज पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों का सफल खुलासा करते हुए कुल 07 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध हथियार, नकबजनी के उपकरण, चोरी की भैंस और घटना में प्रयुक्त ‘छोटा हाथी’ वाहन बरामद किया है।
मामला 1: बंद फैक्ट्री में चोरी की बड़ी साजिश विफल, 4 बदमाश गिरफ्तार
पुलिस से प्राप्त विवरण के अनुसार, रात्रि गश्त के दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने के0आर0ई0 इंजीनियरिंग कम्पनी सिडकुल के पास एक खंडहर में बंद पड़ी फैक्ट्री के पास घेराबंदी की। यहां कुछ संदिग्ध व्यक्ति फैक्ट्री में बड़ी चोरी को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 4 संदिग्धों को मौके पर ही दबोच लिया।
तलाशी के दौरान अभियुक्तों के कब्जे से 02 धारदार रामपुरी चाकू, 02 आलानकब, बीड़ी का बंडल, माचिस, टॉर्च और चाबी का गुच्छा बरामद किया गया। पूछताछ में उन्होंने बंद पड़ी फैक्ट्री में चोरी करने की बात कबूल कर ली। इस संबंध में कोतवाली सितारगंज में मु0अ0सं0 425/2026, धारा 313 BNS एवं 25(1-ख) Arms Act के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम:
-
गोपाल विश्वास पुत्र जगदीश विश्वास (निवासी टैगोर नंबर 04, शक्तिफार्म, सितारगंज, उम्र 36 वर्ष)
-
टोनी मंडल उर्फ गौतम पुत्र खगेन मंडल (निवासी वार्ड नंबर 07, शक्तिफार्म, सितारगंज, उम्र 35 वर्ष)
-
मंतोष मंडल पुत्र मनोरंजन मंडल (निवासी ग्राम बैकुण्ठपुर नंबर 01, सितारगंज, उम्र 27 वर्ष)
-
निमई विश्वास पुत्र रविन्द्र विश्वास (निवासी बैकुण्ठपुर नंबर 01, सितारगंज, उम्र 27 वर्ष)
मामला 2: छोटा हाथी वाहन में भैंस चुराकर ले जा रहे 3 आरोपी रंगे हाथ दबोचे
दूसरी घटना में वादी जलीस अहमद पुत्र शकील अहमद (निवासी चौमेला) द्वारा अपनी भैंस चोरी होने की सूचना दी गई थी। तलाश के दौरान नकुलिया-सितारगंज रोड पर शुक्ला फार्म के पास स्थानीय लोगों ने कुछ व्यक्तियों को एक ‘छोटा हाथी’ वाहन (संख्या UK04CB-0504) में भैंस लादकर ले जाते हुए देखा और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही चौकी सिडकुल पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर 3 व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उन्होंने भैंस चोरी कर वाहन से ले जाने की बात स्वीकार की और बताया कि वे इसे बेचकर मिलने वाली रकम आपस में बांटने वाले थे। पूछताछ में यह भी सामने आया कि दानिश कुरैशी नाम के एक अन्य व्यक्ति ने उन्हें भैंस चोरी करने के लिए लालच दिया था, जो मौके से मोटरसाइकिल पर फरार हो गया था।
पुलिस ने धारा 305(a)/317(2) BNS के तहत मु0अ0सं0 424/2026 दर्ज कर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही चोरी की भैंस और घटना में प्रयुक्त छोटा हाथी वाहन भी बरामद कर लिया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम:
-
अयान अली पुत्र रिहासत (निवासी वार्ड नंबर 06, सितारगंज, उम्र 20 वर्ष)
-
साजिम पुत्र रहीम शाह (निवासी बघौरी, सितारगंज, उम्र 25 वर्ष)
-
अयान पुत्र अशफाक हुसैन (निवासी इस्लामनगर वार्ड नंबर 03, सितारगंज)
एसएसपी अजय गणपति के मार्गदर्शन में ऊधमसिंहनगर पुलिस की इस प्रभावी कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस फरार चल रहे अन्य आरोपी की तलाश में भी जुटी हुई है।



