Spread the love

देवभूमि जन हुंकार, हल्द्वानी (नैनीताल): उत्तराखंड के नैनीताल जनपद स्थित हल्द्वानी के प्रतिष्ठित एमबीपीजी कॉलेज (MBPG College) में आज उस वक्त कोहराम मच गया जब कुमाऊं विश्वविद्यालय की लेट-लतीफी के खिलाफ छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। सेमेस्टर परीक्षाएं समाप्त होने के दो महीने बाद भी परीक्षा परिणाम घोषित न किए जाने से नाराज छात्र उग्र हो गए और वे प्राचार्य कक्ष की छत पर पेट्रोल लेकर जा चढ़े। इस दौरान छात्रों द्वारा खुद पर पेट्रोल छिड़कने से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।

यह भी पढ़ें 👉 आरटीओ कार्यालय में असलहा लहराकर फायर करने वाले वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी पर गिरी गाज

प्राप्त विवरण के अनुसार, कुमाऊं विश्वविद्यालय (Kumaun University) द्वारा स्नातक द्वितीय और चतुर्थ सेमेस्टर के साथ ही बैक परीक्षाओं के परिणाम दो महीने बीत जाने के बाद भी जारी नहीं किए गए थे। लगातार मांग के बावजूद विश्वविद्यालय द्वारा कोई स्पष्ट रुख न अपनाने से छात्रों में भारी रोष व्याप्त था।

बुधवार को एमबीपीजी कॉलेज के छात्र अचानक भड़क उठे और उन्होंने कॉलेज परिसर में जोरदार प्रदर्शन शुरू किया। देखते ही देखते प्रदर्शन उग्र हो गया और छात्र नारेबाजी करते हुए प्राचार्य कक्ष की छत पर जा चढ़े। छत पर मौजूद छात्र मुकेश पाण्डेय और मेहुल साह ने गुस्से में आकर खुद पर पेट्रोल छिड़क लिया। इस दौरान तनावपूर्ण स्थिति के बीच छात्र मुकेश पाण्डेय बेहोश हो गए, जिन्हें तुरंत छत से नीचे उतारकर अस्पताल ले जाया गया। वहीं, दूसरे छात्र मेहुल साह की भी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें भी अस्पताल पहुँचाया गया।

यह भी पढ़ें 👉 हल्द्वानी आरटीओ ऑफिस फायरिंग: कर्मचारियों के विवाद में चली गोली, मचा हड़कंप!

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। महिला पुलिसकर्मियों ने छत पर चढ़ी अन्य छात्राओं और छात्रों को सुरक्षित नीचे उतारा। इस दौरान पुलिस द्वारा छात्रों को हिरासत में लेने के प्रयास पर अन्य छात्रों ने कड़ा विरोध किया, जिसके चलते पुलिस और छात्रों के बीच तीखी नोंक-झोंक भी हुई।

छात्रों का नेतृत्व कर रहे एनएसयूआई से जुड़े मेहुल साह ने आरोप लगाया कि बैक परीक्षा का परिणाम न आने के कारण कई विद्यार्थी पीजी (Post Graduation) कक्षाओं के लिए आवेदन तक नहीं कर पा रहे हैं। प्रवेश की अंतिम तिथि 4 सितंबर घोषित की जा चुकी है और कई विषयों में सीटें भी फुल हो चुकी हैं, ऐसे में छात्रों का भविष्य बर्बाद हो रहा है।

यह भी पढ़ें 👉 दहेज के लिए किया प्रताड़ित और चली गई जान!’ जानिए बागेश्वर के कौसानी में कैसे शिकंजे में आया आरोपी पति

कॉलेज परिसर में लगातार बढ़ रहे तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। प्राचार्य प्रो. एनएस बनकोटी ने आक्रोशित छात्रों को समझाने के भरपूर प्रयास किए, लेकिन छात्र छत से उतरने को तैयार नहीं थे। दूसरी ओर, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में कुविवि के कार्यवाहक कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी से मुलाकात कर उन्हें इस संबंध में ज्ञापन सौंपा।

छात्रों के इस उग्र आंदोलन और बढ़ते दबाव के बाद आखिरकार कुमाऊं विश्वविद्यालय प्रशासन झुका। प्राचार्य प्रो. एनएस बनकोटी ने बताया कि विश्वविद्यालय ने बुधवार सुबह बैक परीक्षाओं का परिणाम घोषित कर दिया है, साथ ही यूजी द्वितीय और चतुर्थ सेमेस्टर के परिणाम भी शाम तक घोषित करने का आश्वासन दिया, जिसकी सूचना आंदोलित छात्रों को दे दी गई है।


Spread the love