देवभूमि जन हुंकार, हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद से इस वक्त की एक बेहद सनसनीखेज और चिंताजनक खबर सामने आ रही है। हरिद्वार जिला कारागार के वरिष्ठ अधीक्षक मनोज कुमार आर्य को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से जान से मारने और गंभीर परिणाम भुगतने की खुली धमकी दी गई है। फोन कॉल्स और व्हाट्सएप संदेशों के माध्यम से जेल प्रशासन को धमकाने वाले आरोपी की पहचान कर ली गई है, तथा इस मामले में सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ दबिश शुरू कर दी है।
प्राप्त विवरण के अनुसार, हरिद्वार जिला कारागार के वरिष्ठ अधीक्षक मनोज कुमार आर्य ने पुलिस को दी गई अपनी लिखित तहरीर में बताया कि गत 11 सितंबर को उनके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात व्यक्ति का कॉल आया था। इसके बाद व्हाट्सएप पर खुद को लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप पंजाब से जुड़ा हुआ बताते हुए लगातार धमकी भरे संदेश भेजे गए।
यही नहीं, अगले दिन यानी 12 सितंबर को भी आरोपी ने कई बार उन्हें फोन किया। जब उन्होंने फोन नहीं उठाया तो आरोपी ने मैसेज भेजकर जेल प्रशासन को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। रविवार सुबह 10:12 बजे आरोपी ने दोबारा कॉल करके जेल प्रशासन को खुली धमकी दी।
वरिष्ठ अधीक्षक आर्य ने बताया कि बातचीत और मैसेज के दौरान आरोपी ने जेल में बंद एक महिला कैदी ‘शीला’ का बार-बार नाम लिया। उसने कहा कि वह जेल में बंद शीला से मिलने आता है।
मामले की तह तक जाने के लिए वरिष्ठ अधीक्षक ने जब उस आरोपी की कॉल रिकॉर्डिंग जेल में बंद महिला शीला को सुनवाई, तो उसने तुरंत फोन करने वाले की पहचान कर ली। शीला ने बताया कि फोन करने वाला कोई और नहीं बल्कि उसका पति हिमांशु चड्ढा निवासी ऋषिकेश है।
पुलिस रिकॉर्ड के हवाले से सामने आया है कि धमकी देने वाला आरोपी हिमांशु चड्ढा बेहद शातिर किस्म का अपराधी है, जो पूर्व में जिला कारागार देहरादून और केंद्रीय कारागार सितारगंज में भी निरुद्ध रह चुका है। वहीं, जेल में बंद महिला कैदी शीला पर ज्वालापुर कोतवाली में कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें से एक मामले में वह बीती जुलाई माह से हरिद्वार जेल में बंद है।
जेल प्रशासन को इस प्रकार कुख्यात गैंगस्टर के नाम से धमकी मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। सिडकुल थाना प्रभारी अजय शाह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि वरिष्ठ अधीक्षक की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर फरार आरोपी हिमांशु चड्ढा की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें



