देवभूमि जन हुंकार, धौलछीना / अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा और बागेश्वर जनपद की सीमा से सटी सरयू नदी से एक दर्दनाक और बड़ी खबर सामने आ रही है। अल्मोड़ा जिले के धौलछीना थाना क्षेत्र के अंतर्गत शेराघाट में रविवार को सरयू नदी के पानी में एक अज्ञात शव तैरता हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस द्वारा शिनाख्त कराए जाने पर पता चला कि यह शव गत 8 सितंबर को बागेश्वर में सरयू नदी में नहाते समय बहे 28 वर्षीय युवक किशन राम का है।
प्राप्त विवरण के अनुसार, मृतक की पहचान बागेश्वर जिले के बैजनाथ थाना क्षेत्र के बिमौला निवासी 28 वर्षीय किशन राम उर्फ कुणाल पुत्र रमेश चंद्र के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, किशन राम गत 8 सितंबर को बागेश्वर क्षेत्र में सरयू नदी में नहा रहे थे, उसी दौरान अचानक पैर फिसलने या तेज बहाव की चपेट में आने से वह नदी में बह गए थे। परिजनों द्वारा उनकी काफी तलाश की गई थी, जिसके बाद 11 सितंबर को संबंधित थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
रविवार को धौलछीना थाना क्षेत्र के शेराघाट के पास स्थानीय लोगों को नदी में एक शव दिखाई दिया। ग्राम सभा सल्यूड़ी के प्रधान पति महेश सिंह बोहरा ने इसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष धौलछीना रमेश सिंह बोहरा अपनी पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी दी और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरहदी जनपदों के थानों से संपर्क साधा गया और हाल ही में दर्ज हुई गुमशुदगी की जानकारियों का मिलान किया गया।
पुलिस की छानबीन में जब बागेश्वर की गुमशुदगी का लिंक सामने आया तो धौलछीना पुलिस ने तुरंत स्वजनों से संपर्क किया। पुलिस ने शव की तस्वीरें परिजनों को भेजीं और उन्हें शिनाख्त के लिए मौके पर बुलाया। शेराघाट पहुंचे परिजनों ने मृत शरीर की पहचान किशन राम उर्फ कुणाल के रूप में की।
अपने जवान बेटे का शव देख परिजनों में कोहराम मच गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए पंचायतनामा भर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय अल्मोड़ा भेज दिया है। इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।
देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें



