देवभूमि जन हुंकार, रामनगर / नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल जनपद के अंतर्गत रामनगर क्षेत्र में सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर महिलाओं को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने वाले एक शातिर साइबर अपराधी को पुलिस ने धर दबोचा है। कोतवाली रामनगर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी विश्लेषण के आधार पर कार्रवाई करते हुए बार-बार फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर एक महिला की फोटो पर अश्लील टिप्पणियां करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त आधिकारिक विवरण के अनुसार, वादी अरुण कुमार द्वारा कोतवाली रामनगर में एक लिखित तहरीर दी गई थी। तहरीर में बताया गया था कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा इंस्टाग्राम पर बार-बार फर्जी आईडी (Fake Instagram Profiles) बनाई जा रही हैं, तथा उनकी पत्नी की फोटो का गलत इस्तेमाल कर उस पर अश्लील एवं आपत्तिजनक कमेंट किए जा रहे हैं। इस कृत्य से पीड़िता और उनका परिवार भारी मानसिक तनाव में था।
प्रकरण की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से महिलाओं एवं आमजन को परेशान करने वाले साइबर अपराधियों के विरुद्ध सख्त और प्रभावी कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे।
यह भी पढ़ें हल्द्वानी: रामलीला मैदान से अवैध तमंचे और 17 जिंदा कारतूस के साथ शातिर अभियुक्त गिरफ्तार
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी श्री मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी रामनगर श्री अमित कुमार सैनी के कुशल पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रामनगर श्री सुशील कुमार के नेतृत्व में कोतवाली रामनगर पुलिस एवं साइबर सेल की एक विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने मामले की गहन तकनीकी जांच शुरू की। पुलिस टीम द्वारा अत्याधुनिक तकनीकी साक्ष्यों, आईपी एड्रेस और साइबर विश्लेषण के माध्यम से उस शख्स की पहचान कर ली गई जो पर्दे के पीछे से यह फर्जी इंस्टाग्राम आईडी संचालित कर रहा था। पुलिस ने त्वरित दबिश देकर अभियुक्त जितेंद्र सैनी पुत्र श्याम लाल, निवासी— पूछड़ी, थाना रामनगर, जनपद नैनीताल को गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें हल्द्वानी: रामलीला मैदान से अवैध तमंचे और 17 जिंदा कारतूस के साथ शातिर अभियुक्त गिरफ्तार
अभियुक्त के खिलाफ कोतवाली रामनगर में FIR No. 284/2026, धारा 79 BNS एवं 67A, 66D IT Act के अंतर्गत सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। मोबाइल फोन की तकनीकी और फोरेंसिक जांच करने पर उसमें से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी के संचालन और पीड़िता को प्रताड़ित करने से संबंधित महत्वपूर्ण व अकाट्य साक्ष्य प्राप्त हुए हैं। पुलिस अब अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर रही है।
देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें




