
देवभूमि जन हुंकार, देहरादून / रुड़की / हल्द्वानी: देवभूमि उत्तराखंड के देशभक्त और सेना में जाने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए एक बहुत बड़ी और राहत भरी खुशखबरी सामने आ रही है। भारतीय सेना (Indian Army) ने उत्तराखंड के युवाओं के लिए ‘अग्निवीर भर्ती रैली’ का आधिकारिक कार्यक्रम जारी कर दिया है। इस बार भर्ती रैली का आयोजन हरिद्वार जनपद के रुड़की स्थित प्रतिष्ठित बीईजी एवं सेंटर (BEG & Centre) में किया जाएगा, जो 5 अक्टूबर से शुरू होकर 23 अक्टूबर 2026 तक चलेगी।
सेना से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस भर्ती रैली में वही अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे जिन्होंने हाल ही में 1 से 12 जून 2026 के बीच आयोजित हुई ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम्नेशन (CEE) परीक्षा में सफलता हासिल की है। परीक्षा पास करने वाले युवाओं के लिए सेना ने रुड़की में अपनी पूरी तैयारियां मुकम्मल कर ली हैं।
उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के अभ्यर्थियों के लिए सेना द्वारा विभिन्न तकनीकी और सामान्य श्रेणियों में अग्निवीर पदों पर चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मुख्य श्रेणियां निम्नलिखित हैं:
-
अग्निवीर जनरल ड्यूटी (GD)
-
अग्निवीर टेक्निकल (Technical)
-
अग्निवीर ट्रेड्समैन (Tradesmen – 10th & 8th Pass)
-
अग्निवीर क्लर्क / स्टोर कीपर टेक्निकल (SKT) (उत्तराखंड एवं उत्तर प्रदेश)
भर्ती रैली के पहले दिन यानी 5 अक्टूबर 2026 को उत्तराखंड एवं उत्तर प्रदेश के चुनिंदा आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस (ARO) के अंतर्गत आने वाले अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया निर्धारित की गई है। इस दिन एआरओ अल्मोड़ा, एआरओ पिथौरागढ़ और एआरओ बरेली के युवा अपनी शारीरिक और कागजी दस्तावेजों की जांच प्रक्रिया में भाग लेंगे। इसके बाद की अन्य तिथियों और जिलों का विस्तृत कार्यक्रम संबंधित भर्ती कार्यालयों द्वारा समय-समय पर जारी किया जाएगा।
भारतीय सेना ने सभी पंजीकृत और सफल अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे भर्ती केंद्र पर पहुँचने से पहले अपने सभी आवश्यक मूल प्रमाणपत्र (Educational Certificates, Domicile, Caste Certificate, Aadhaar Card, Photographs etc.) और उनकी छायाप्रतियां अच्छी तरह तैयार कर लें। सेना ने समय की पाबंदी पर विशेष जोर देते हुए कहा है कि सभी अभ्यर्थी निर्धारित तिथि और समयानुसार ही भर्ती स्थल पर पहुँचें ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें


