देवभूमि जन हुंकार, देहरादून / नई दिल्ली: देवभूमि उत्तराखंड में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की शुचिता, पारदर्शिता और पवित्रता को बनाए रखने के लिए राज्य की विशेष कार्य बल (उत्तराखंड STF) ने नकल माफियाओं के खिलाफ अपनी मुहिम को और अधिक आक्रामक कर दिया है। इसी कड़ी में STF ने फरवरी 2026 में आयोजित SSC (कर्मचारी चयन आयोग) की मल्टीटास्किंग (नॉन-टेक्निकल) स्टाफ एवं हवलदार ऑनलाइन परीक्षा में हाईटेक तरीके से नकल कराने वाले एक और शातिर अभियुक्त को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से गिरफ्तार करने में भारी सफलता हासिल की है। इस गिरफ्तारी से परीक्षा में सेंध लगाने वाले पूरे गिरोह के कई और गहरे राज खुलने की उम्मीद है।
पर्यवेक्षक (Observer) की आड़ में चल रहा था खेल, गिरोह को दिया था रिमोट IP एक्सेस
प्राप्त आधिकारिक विवरण के अनुसार, माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्पष्ट निर्देशों तथा पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ की कार्ययोजना के अनुपालन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF के पर्यवेक्षण में लगातार कार्रवाई की जा रही है। पूर्व में दिनांक 14 फरवरी 2026 को कोतवाली नगर, देहरादून में सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 और BNS की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों (Technical Evidences) की कड़ियाँ जोड़ते हुए STF टीम ने इस प्रकरण में लंबे समय से वांछित चल रहे अभियुक्त अंकित कुमार पुत्र अनिल पासवान (मूल निवासी: मुगलसराय, जनपद चंदौली, उत्तर प्रदेश, उम्र 22 वर्ष) को दिल्ली से धर दबोचा। इस पूरे मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि गिरफ्तार अभियुक्त अंकित कुमार उक्त परीक्षा केंद्र पर पर्यवेक्षक (Observer) के रूप में नियुक्त किया गया था। उसकी जिम्मेदारी परीक्षा केंद्र पर आने वाले अभ्यर्थियों के आईडी कार्ड चेक करने और किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि या नकल पर पैनी नजर रखने की थी। लेकिन रक्षक ही भक्षक बन बैठा; अभियुक्त ने परीक्षा केंद्र पर लगाए गए कंप्यूटरों का रिमोटली एक्सेस (Remotely Access) लेने के लिए IP एड्रेस सीधे नकल कराने वाले गिरोह के सदस्यों को मुहैया कराया था।
प्रदेश में नकल माफियाओं के खिलाफ STF की बड़ी कार्रवाई, अब तक 8 आरोपी गिरफ्तार
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF ने जानकारी देते हुए बताया कि इस हाई-प्रोफाइल मामले में STF इससे पहले गिरोह के अन्य 7 अभियुक्तों को भी सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर चुकी है। इस प्रकार इस प्रकरण में अब तक कुल 8 गिरफ्तारियाँ हो चुकी हैं। इसके अलावा, नवंबर 2025 में आयोजित SSC टियर-प्रथम मल्टीटास्किंग स्टाफ परीक्षा एवं क्लेरिकल स्टाफ परीक्षा में हुई नकल के संबंध में कोतवाली देहरादून में दर्ज एक अन्य मुकदमे में भी यह अभियुक्त वांछित चल रहा था।
गिरफ्तार अभियुक्त के पास से 01 मोबाइल फोन बरामद किया गया है। वर्तमान में इस संपूर्ण अभियोग की विवेचना पुलिस उपाधीक्षक STF/ANTF श्री परवेज अली द्वारा की जा रही है। अभियुक्त से पूछताछ के दौरान परीक्षा तंत्र में सेंध लगाने वाले कई अन्य स्थानीय और बाहरी सहयोगियों के नाम प्रकाश में आए हैं, जिनके आधार पर STF द्वारा आगामी दिनों में और भी बड़ी गिरफ्तारियाँ किए जाने की पूरी संभावना है।
देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें



