देवभूमि जन हुंकार, भगवानपुर / हरिद्वार: देवभूमि उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद अंतर्गत भगवानपुर थाना क्षेत्र से इस वक्त की सबसे बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। गोवंश तस्करों और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भगवानपुर पुलिस की बदमाशों के साथ आमने-सामने की मुठभेड़ हो गई है। पुलिस की त्वरित और जवाबी कार्रवाई में एक कुख्यात गोतस्कर के पैर में गोली लग गई है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया है। इस दुस्साहसिक घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
सिकरोड़ा गाँव के पास आम के बाग में गोकशी की घटना को देने वाला था अंजाम
पुलिस सूत्रों से प्राप्त विस्तृत विवरण के अनुसार, भगवानपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र में कुछ शातिर गोतस्कर बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। इसी सूचना पर जब पुलिस टीम ने घेराबंदी की, तो बदमाशों के साथ मुठभेड़ हो गई।
पकड़े गए कुख्यात गोतस्कर की पहचान छोटू पुत्र संसार उर्फ शमशाद (निवासी ग्राम हलजोरा, थाना भगवानपुर, उम्र 36 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ और शुरुआती जाँच में यह बात सामने आई है कि यह कुख्यात गोतस्कर सिकरोड़ा गाँव के पास स्थित एक आम के बाग में गोकशी की घटना को अंजाम देने की पूरी योजना बना चुका था। गोकशी की इस घृणित वारदात को अंजाम देने के लिए वह मौके पर अपने साथी कालू का इंतजार कर रहा था, तभी पुलिस वहाँ जा पहुँची।
जवाबी फायरिंग में घायल हुआ बदमाश, रुड़की अस्पताल रैफर; पुलिस की कांबिंग जारी
पुलिस को देखते ही बदमाशों की ओर से फायरिंग शुरू कर दी गई, जिसके जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की। पुलिस की गोली लगने से कुख्यात गोतस्कर छोटू के पैर में गोली जा लगी, जिससे वह मौके पर ही ढेर होकर गिर पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के तमाम आला अधिकारी तुरंत मौके के लिए रवाना हो गए हैं। घायल बदमाश को पुलिस टीम द्वारा तत्काल उपचार के लिए रुड़की अस्पताल ले जाया जा रहा है। वहीं, उसका दूसरा साथी मौके का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश में पुलिस द्वारा आसपास के जंगलों और खेतों में सघन कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि प्रदेश में अपराधियों और गोतस्करों के लिए कोई स्थान नहीं है, और कानून तोड़ने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।
देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें


