हल्द्वानी: चोरी के बाद स्कूटी लौटाकर चोर ने पेश की अजीब ‘ईमानदारी’, पुलिस जांच में जुटी
हल्द्वानी। दुनियाभर में रोज़ाना हजारों चोरी और डकैती की घटनाएं सामने आती हैं, लेकिन कुछ मामलों में चोरों की हरकतें लोगों को चौंका देती हैं। ऐसा ही एक अनोखा मामला उत्तराखंड के नैनीताल जिले के लालकुआं कोतवाली क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक चोर ने स्कूटी चोरी की और फिर अगले ही दिन उसे वापस उसी जगह खड़ा कर गया। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
मोटाहल्दू चौराहा निवासी मुकेश पाठक ने 17 अगस्त को अपनी स्कूटी घर के बाहर खड़ी की थी। उसी दौरान एक चोर वहां पहुंचा और काफी देर तक स्कूटी के आसपास घूमने के बाद मौके का फायदा उठाकर स्कूटी चुरा ले गया। घटना की सूचना पीड़ित ने तुरंत 112 नंबर पर पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें चोर स्कूटी ले जाते हुए साफ दिखाई दिया।
घटना का चौंकाने वाला पहलू तब सामने आया जब चोरी के ठीक एक दिन बाद 18 अगस्त की सुबह करीब 3:09 बजे, वही चोर चोरी की गई स्कूटी को वापस उसी जगह खड़ा कर गया, जहां से उसने उसे उठाया था। चोर का यह पूरा ‘ईमानदार कदम’ भी सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया।
सुबह उठकर जब स्कूटी मालिक ने अपनी गाड़ी घर के सामने खड़ी देखी तो उनके चेहरे पर खुशी झलक उठी। लेकिन साथ ही कई सवाल भी खड़े हो गए—आख़िर चोर ने स्कूटी क्यों चुराई और फिर क्यों लौटाई? चोर की मंशा क्या थी?
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से चोरी की वारदातें हो रही हैं और पुलिस अभी तक ठोस कार्रवाई नहीं कर पाई है। इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
लालकुआं पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपी की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
