अल्मोड़ा में वन विभाग का फारेस्टर रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार, सतर्कता टीम की बड़ी कार्रवाई
अल्मोड़ा। उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। हल्द्वानी सेक्टर की टीम ने कार्रवाई करते हुए वन विभाग के एक फारेस्टर को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी नवीन नौटियाल वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय जागेश्वर में बाबू/फारेस्टर के पद पर तैनात था। उस पर आरोप है कि उसने लीसा गडान-ढुलान कार्य के पंजीकरण के नवीनीकरण और लंबित बिलों के भुगतान के एवज में 25,500 रुपये की रिश्वत मांगी थी।
इस संबंध में शिकायतकर्ता जय प्रकाश ने सतर्कता विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत की पुष्टि के बाद विजिलेंस टीम ने सुनियोजित तरीके से जाल बिछाया और आरोपी को रिश्वत लेते हुए मौके पर ही दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है। इस कार्रवाई के बाद वन विभाग समेत अन्य सरकारी कार्यालयों में हड़कंप मच गया है।
प्रारंभिक जांच में इस प्रकरण में अन्य कर्मचारियों या अधिकारियों की संलिप्तता की भी आशंका जताई जा रही है। सतर्कता विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत सतर्कता विभाग या संबंधित हेल्पलाइन पर दें, ताकि भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें



