हल्द्वानी में दो घरों पर छापेमारी, 5 पेटियां इम्पोर्टेड शराब बरामद – शराब माफियाओं में हड़कंप
प्रेरणा बिष्ट की अगुवाई में टीम ने बरामद की 5 पेटियां इम्पोर्टेड शराब, तस्कर तरन और मोंटू गिरफ्तार
हल्द्वानी। अवैध शराब तस्करी के खिलाफ आबकारी विभाग का अभियान अब कुमाऊं मंडल में भी तेज हो गया है। गढ़वाल मंडल में अपने सख्त तेवर और तेजतर्रार कार्यशैली से शराब माफियाओं की कमर तोड़ चुकी आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट ने हल्द्वानी में बड़ी कार्रवाई अंजाम दी। इस दौरान तस्करी में लिप्त दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके घरों से इम्पोर्टेड शराब की पेटियां बरामद की गईं।
गोपनीय सूचना पर आबकारी आयुक्त के निर्देश में जनपदीय प्रवर्तन दल देहरादून और हल्द्वानी आबकारी टीम ने संयुक्त छापेमारी की। यह कार्रवाई शहर के ठंडी सड़क और रामपुर रोड स्थित दो अलग-अलग घरों पर की गई। छापेमारी के दौरान टीम ने तरन बिंद्रा और मोंटू, दोनों निवासी हल्द्वानी, को गिरफ्तार किया। उनके घरों से विभिन्न ब्रांड की इम्पोर्टेड शराब की 5 पेटियां बरामद की गईं, जिन्हें अवैध रूप से बिक्री के लिए छिपाकर रखा गया था।
इस संयुक्त अभियान में आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट, निरीक्षक धीरेन्द्र बिष्ट, उप निरीक्षक आशीष प्रकाश, राकेश नाथ और अंकित कुमार शामिल रहे। टीम ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
गढ़वाल मंडल में अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने के बाद अब कुमाऊं मंडल में भी प्रेरणा बिष्ट की सक्रियता और कड़ाई से शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है। उनका कहना है कि अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि आबकारी विभाग अवैध शराब के धंधे पर पूरी सख्ती और मुस्तैदी से नकेल कसने के लिए प्रतिबद्ध है।
