हल्द्वानी में सपेरा गिरोह का भंडाफोड़; SSP नैनीताल ने किया ₹25 लाख की चोरी का खुलासा, 3 गिरफ्तार।
नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रहलाद नारायण मीणा (मंजूनाथ टीसी) ने हल्द्वानी और मुखानी क्षेत्र में हुई चोरी की बड़ी वारदातों का खुलासा करते हुए शातिर ‘सपेरा गिरोह’ के तीन सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने इनके कब्जे से ₹25 लाख से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और बर्तन बरामद किए हैं। इस शानदार सफलता पर एसएसपी ने पुलिस टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
पकड़े गए आरोपी मूल रूप से हरिद्वार की सपेरा बस्ती के निवासी हैं। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि प्रदीपनाथ, रोहितास और गुरविंदर नैनीताल घूमने के बहाने आए थे और हल्द्वानी के टीपी नगर स्थित एक होटल में ठहरे थे। दिन में सपेरे बनकर ये लोग गलियों में घूमते और बंद घरों की रेकी (निगरानी) करते थे। मौका मिलते ही रात के अंधेरे में ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम देकर फरार हो जाते थे।
इस गिरोह ने हल्द्वानी के देवलचौड़ (हरिपुर मोतिया) निवासी मनोज कुमार जोशी के घर से 1 मई को और मुखानी निवासी लक्ष्मण सिंह के घर से 30 अप्रैल को कीमती जेवरात व नकदी पर हाथ साफ किया था। एसएसपी के निर्देश पर एसपी सिटी हल्द्वानी और क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में कोतवाली हल्द्वानी व मुखानी पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें हरिद्वार नंबर की एक संदिग्ध बाइक और दो युवक नजर आए।
ठोस मुखबिरी और सुरागरसी के आधार पर पुलिस ने शनिवार (9 मई 2026) को हल्द्वानी के बेल बाबा मंदिर के पास घेराबंदी कर तीनों अभियुक्तों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से चोरी के भारी मात्रा में आभूषण बरामद हुए, जिनमें मंगलसूत्र, हार, चेन, अंगूठी, चांदी के कटोरे और कमरबंद जैसे कीमती सामान शामिल हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:
-
प्रदीपनाथ उर्फ मंदीप (20 वर्ष): निवासी घोसीपुरा, सपेरा बस्ती, हरिद्वार।
-
गुरविंदर (20 वर्ष): निवासी सपेरा बस्ती, हरिद्वार। (पूर्व में रायपुर और डोईवाला में भी मुकदमे दर्ज)।
-
रोहितास उर्फ पोपे (21 वर्ष): निवासी सपेरा बस्ती, हरिद्वार।





