रामनगर पुलिस ने संविदा कर्मी की हत्या के मामले में दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
Spread the love

विधवा पत्नी की पुकार : रामनगर में संविदा कर्मी की हत्या के आरोप में  दबोचे गए दो आरोपी

रामनगर (नैनीताल): बिजली विभाग के संविदा कर्मी देवेंद्र की संदिग्ध मौत के मामले में नैनीताल पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के कड़े रुख के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया था, जिसे देखते हुए पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर यह कार्रवाई की है।

परिजनों ने लगाया था अपहरण और हत्या का आरोप

मामले के अनुसार, 22 मई 2026 को मृतक की पत्नी श्रीमती सुमन देवी ने कोतवाली रामनगर में तहरीर देकर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने बताया कि होशियार सिंह भण्डारी, दर्शन जोशी, कमल भट्ट, विशाल और कुछ अन्य ठेकेदारों ने उनके पति का अपहरण किया और उनके साथ बेरहमी से मारपीट व गाली-गलौज की, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या), 140(3) (अपहरण), 115(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया था।

एसएसपी नैनीताल ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कत्याल के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया था। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए। वैज्ञानिक साक्ष्यों और गवाहों की पुष्टि के बाद पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को दबोच लिया।

यह भी पढ़ें 👉उत्तराखंड में विजिलेंस का बड़ा एक्शन, 50 हजार की रिश्वत लेते JE गिरफ्तार, ट्रैप टीम ने रंगे हाथ दबोचा

गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:

  1. होशियार सिंह भण्डारी (44 वर्ष): पुत्र अनूप सिंह भण्डारी, निवासी सल्ट (अल्मोड़ा), हाल निवासी घासमंडी बिजलीघर, रामनगर।

  2. विशाल सैनी (26 वर्ष): पुत्र मदन सैनी, निवासी भवानीपुर सलिया, कालाढूंगी (नैनीताल)।

यह भी पढ़ें 👉“ऑपरेशन प्रहार” के तहत हल्द्वानी में IPL सट्टा गैंग का बड़ा भंडाफोड़ 

पुलिस ने दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले में नामजद अन्य आरोपियों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही अन्य फरार आरोपियों पर भी विधिक कार्रवाई की जाएगी।


Spread the love

You missed