Spread the love

मालधन बंद को सफल बनाने के लिए महिलाओं ने तेज किया जनसंपर्क अभियान

मालधन क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग और “नशा नहीं, इलाज दो” अभियान को आगे बढ़ाने के लिए महिला एकता मंच ने सोमवार, 18 अगस्त को होने वाले मालधन बंद के समर्थन में जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है।

महिलाओं ने मालधन नंबर 1 और 2 में जुलूस निकालकर लोगों से बंद को सफल बनाने की अपील की। यह आंदोलन मुख्य रूप से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से फिजीशियन डॉ. प्रशांत कौशिक और स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अर्चना कौशिक के ट्रांसफर रद्द करने, अस्पताल में मानकों के अनुरूप चिकित्सकों की नियुक्ति, तथा एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, रेडियोलॉजिस्ट, प्रसव, निश्चेतक और आपातकालीन सेवाओं जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर चलाया जा रहा है।

सभा को संबोधित करते हुए भगवती आर्य ने कहा कि मालधन की जनता को अस्पताल में डॉक्टर और इलाज चाहिए, लेकिन सरकार इलाज देने के बजाय नशा परोस रही है। उन्होंने बताया कि 18 अगस्त को मालधन बाजार, शिक्षण संस्थान और बैंक पूरी तरह बंद रहेंगे। सुबह 10 बजे मालधन नंबर 1 पुलिस चौकी से जुलूस भी निकाला जाएगा।

विनीता टम्टा ने कहा कि वैध और अवैध शराब का कारोबार मालधन के समाज को बर्बाद कर रहा है। आबकारी आयुक्त ने 14 मई को उत्तराखंड में नव सृजित सभी शराब की दुकानों को बंद करने का आदेश दिया था, फिर भी गोपाल नगर नंबर 6 में 24 घंटे शराब बिक रही है और नाबालिगों को भी बेची जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन अवैध व कच्ची शराब रोकने में पूरी तरह नाकाम है, इसी कारण महिलाओं को मालधन बंद करने का निर्णय लेना पड़ा।

पुष्पा ने क्षेत्रवासियों से जाति, धर्म और दलगत राजनीति से ऊपर उठकर 18 अगस्त को बंद को सफल बनाने की अपील की।

जनसंपर्क अभियान में ग्राम प्रधान, भगवती आर्य, विनीता टम्टा, देवी आर्य, ममता, धोनी, रेखा, सरला, सरिता, लक्ष्मी, पुष्पा, सरस्वती जोशी, इंद्रजीत, समाजवादी लोक मंच के मुनीष कुमार, गिरीश चंद्र, कौशल्या सहित अनेक लोग शामिल हुए।


Spread the love