देवभूमि जन हुंकार, कपकोट / बागेश्वर: देवभूमि उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली और प्रशासनिक लापरवाही एक बार फिर जानलेवा साबित हुई है। बागेश्वर जनपद के कपकोट क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ समय पर एंबुलेंस न मिलने के कारण एक 50 वर्षीय व्यापारी की अकाल मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त है, और स्थानीय लोगों ने आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए उच्चस्तरीय समीक्षा की मांग की है।
बुधवार सुबह बिगड़ी थी तबीयत, सीएचसी से किया गया था हायर सेंटर रेफर
प्राप्त विस्तृत विवरण के अनुसार, कपकोट तहसील रोड पर अपनी दुकान (तिरुवा जनरल स्टोर) चलाने वाले रमेश चंद्र तिरुवा (उम्र 50 वर्ष) बुधवार को अपनी रोज की तरह दुकान पर काम कर रहे थे। सुबह करीब 11 बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद परिवार के लोग उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कपकोट लेकर पहुँचे।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत हायर सेंटर रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुँचने पर भी उन्हें आगे के इलाज के लिए बड़े अस्पताल ले जाने को कहा गया। यहीं से मरीज और परिजनों की असली मुसीबत शुरू हुई।
108 एंबुलेंस के लिए करना पड़ा 3 घंटे लंबा इंतजार, रास्ते में तोड़ा दम
पूर्व सभासद तनुज तिरुवा द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, हायर सेंटर ले जाने के लिए जब 108 एंबुलेंस को बुलाया गया, तो वह समय पर नहीं पहुँची। एंबुलेंस आने में करीब तीन घंटे की लंबी देरी हो गई। इस देरी के पीछे जो प्रशासनिक कारण सामने आया, उसके मुताबिक जिले में कुल दस एंबुलेंस हैं, जिनमें से दो गाड़ियाँ खराब होने के कारण पहले से ही खड़ी थीं। घटना वाले दिन जिला मुख्यालय में कोई एंबुलेंस उपलब्ध नहीं थी, जिसके कारण वाहन को दूर बनलेख से मंगाना पड़ा और पहुँचने में भारी विलंब हो गया।
लंबी प्रतीक्षा के बाद जब मरीज को लेकर एंबुलेंस रवाना हुई, तब तक काफी देर हो चुकी थी। रमेश चंद्र तिरुवा ने उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में कोसी के पास शाम करीब साढ़े छह बजे दम तोड़ दिया।
व्यापारियों ने बंद रखा बाजार, अंतिम यात्रा में उमड़े जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग
एक स्थानीय प्रतिष्ठित व्यापारी की इस तरह एंबुलेंस की लेट-लतीफी से हुई मौत के विरोध में स्थानीय व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रखे। गुरुवार को क्षेत्र के शोक संतप्त माहौल के बीच सरयू और खीरगंगा के संगम पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।
इस गमगीन अंतिम यात्रा और श्रद्धांजलि सभा में क्षेत्र के विधायक सुरेश गढ़िया, नगर पंचायत अध्यक्ष गीता ऐठानी, पूर्व कैबिनेट मंत्री बलवंत सिंह भौर्याल, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश सिंह ऐठानी, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट, सभासद गजेंद्र सिंह कपकोटी, गणेश तिरुवा, व्यापार मंडल अध्यक्ष तारा सिंह कपकोटी, महामंत्री हेम कपकोटी, कोषाध्यक्ष नवीन उपाध्याय सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय लोग शामिल हुए।
स्थानीय नागरिकों और परिजनों ने दो-टुक कहा है कि पहाड़ में अस्पतालों और बड़े सेंटरों की दूरी पहले से ही एक बहुत बड़ी भौगोलिक चुनौती है; ऐसे में यदि कोई गंभीर रूप से रेफर मरीज घंटों तक एंबुलेंस का इंतजार करने को विवश हो, तो यह सीधे तौर पर इंसान की जिंदगी से खिलवाड़ है। जनता ने मांग की है कि खराब एंबुलेंस की तुरंत मरम्मत कराई जाए और आपातकालीन 108 सेवा की कार्यप्रणाली में सुधार किया जाए ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को इस तरह अपनों को न खोना पड़े।
देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें


