हरिद्वार/सिडकुल। सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर बैठकर जाम छलकाना 70 लोगों को भारी पड़ गया! हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र में पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 70 लोगों को पकड़कर उनके चालान काटे और कुल 17,500 रुपये संयोजन शुल्क वसूला।
महिलाओं पर फब्तियां कसने की शिकायतों के बीच पुलिस का एक्शन
पुलिस के अनुसार, सिडकुल क्षेत्र में फैक्ट्रियों की छुट्टी के समय घर लौटने वाली महिलाओं पर कुछ लोगों द्वारा नशे की हालत में फब्तियां कसने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने वालों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने यह अभियान चलाया।
यह भी पढ़ें मेहरागांव में निर्माण कार्य के दौरान पहाड़ी से मलबा गिरने से दो मजदूरों की मौत
अलग-अलग टीमें बनाकर की कार्रवाई
23 अक्टूबर 2026 को थाना सिडकुल के थानाध्यक्ष अजय शाह के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने सार्वजनिक स्थानों, शराब की दुकानों के आसपास और सड़क किनारे चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान शराब पीकर हुड़दंग करने वाले कुल 70 लोगों के खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 81 के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने इनसे कुल 17,500 रुपये संयोजन शुल्क वसूला और भविष्य में सार्वजनिक स्थानों पर शराब न पीने तथा न पिलाने की चेतावनी दी।
पुलिस की दोटूक—हुड़दंग किया तो होगी कार्रवाई
हरिद्वार पुलिस ने साफ किया है कि आगामी त्योहारों के मद्देनजर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
देवभूमि जन हुंकार समाचार | हरिद्वार
देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें




