सीमांत क्षेत्रों समेत प्रदेशभर से पहुंचेंगे व्यापारी प्रतिनिधि, समस्याओं और व्यापारिक मुद्दों पर होगा मंथन
हल्द्वानी। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तराखंड की ओर से आगामी 9 अक्टूबर को हल्द्वानी में प्रदेश स्तरीय व्यापारी सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। सम्मेलन को लेकर संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तराखंड द्वारा जारी प्रेस के अनुसार, यह सम्मेलन हल्द्वानी में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में व्यापारी प्रतिनिधि भाग लेंगे। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि सम्मेलन के माध्यम से व्यापारी समाज की विभिन्न समस्याओं और मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा।
सम्मेलन में उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्रों से भी व्यापारी प्रतिनिधियों के पहुंचने की बात कही गई है। यमुना घाटी से लेकर धारचूला तथा नेपाल-तिब्बत सीमा से जुड़े क्षेत्रों के व्यापारी भी इसमें भाग लेंगे। संगठन के अनुसार, 8 अक्टूबर को लगभग 250 व्यापारी प्रतिनिधि उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, रानीखेत, पौड़ी सहित नैनीताल, उधम सिंह नगर, काशीपुर, हरिद्वार, रुड़की, ऋषिकेश और देहरादून आदि क्षेत्रों से हल्द्वानी पहुंचेंगे।
सम्मेलन में देहरादून, रुड़की, हरिद्वार, काशीपुर, नैनीताल एवं बागेश्वर जिलों से महिला व्यापारी प्रतिनिधियों की भी भागीदारी रहेगी।
आयोजकों के अनुसार सम्मेलन के शुभारंभ से पहले सुबह 9 बजे हल्द्वानी नगर निगम के पास से व्यापारी रैली निकाली जाएगी। रैली में विभिन्न जिलों से पहुंचे व्यापारी प्रतिनिधि अपने वाहनों के साथ शामिल होंगे।
इसके बाद सुबह 10 बजे मेडिकल कॉलेज सभागार में व्यापारियों का पंजीकरण किया जाएगा और उन्हें सभागार में स्थान उपलब्ध कराने के साथ सम्मेलन का शुभारंभ होगा।
सम्मेलन के प्रथम सत्र में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए व्यापारी प्रतिनिधियों की समस्याओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके साथ ही प्रदेश महामंत्री द्वारा एजेंडे के अनुरूप प्रस्तावों को प्रस्तुत कर उनका अनुमोदन कराया जाएगा।
दूसरे सत्र में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का अभिनंदन एवं विशिष्ट सेवा सम्मान के अंतर्गत चयनित व्यापारी प्रतिनिधियों का सम्मान मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा। इस दौरान व्यापार मंडल द्वारा तैयार की गई स्मारिका का विमोचन भी किया जाएगा।
सम्मेलन में नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
सम्मेलन की व्यवस्थाओं के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। आवास, व्यापारी रैली, खान-पान, स्मारिका प्रकाशन, सभागार व्यवस्था, अतिथि स्वागत एवं पंजीकरण समेत अलग-अलग जिम्मेदारियां पदाधिकारियों को सौंपी गई हैं। ग्रामीण व्यापार मंडल हल्द्वानी और युवा व्यापार मंडल को भी आयोजन व्यवस्था में शामिल किया गया है।
संगठन ने सम्मेलन को सफल बनाने के लिए आलू, फल आढ़ती एसोसिएशन, ट्रांसपोर्ट नगर एसोसिएशन, हल्द्वानी सर्राफा एवं स्वर्णकार एसोसिएशन तथा युवा व्यापार मंडल के पदाधिकारियों से भी सहयोग की अपील की है।



