हल्द्वानी में बड़ा हादसा टला, वर्कशॉप लाइन में अचानक गिरा विशालकाय पेड़
हल्द्वानी के वर्कशॉप लाइन इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे खड़ा एक विशालकाय पेड़ अचानक भरभराकर जमीन पर गिर पड़ा। पेड़ गिरते ही सड़क किनारे खड़ी तीन स्कूटी और दो चारपहिया वाहन इसकी चपेट में आ गए। भारी पेड़ की टहनियों और तने की चपेट में आने से सभी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
पेड़ का एक बड़ा हिस्सा सड़क किनारे लगे खाने के ठेले पर भी गिरा, जिससे ठेला पूरी तरह टूट गया। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए और कुछ देर के लिए इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। पेड़ गिरने के कारण मुख्य सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात काफी देर तक ठप रहा।
राहत की बात यह रही कि जिस समय पेड़ गिरा, उस वक्त कोई व्यक्ति उसकी सीधी चपेट में नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए मौके पर मोर्चा संभाला और अपने स्तर पर पेड़ को हटाने का प्रयास शुरू किया। बाद में धीरे-धीरे सड़क से पेड़ हटाया गया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।
घटना ने एक बार फिर शहर में पुराने और कमजोर पेड़ों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते ऐसे पेड़ों की जांच और कटान नहीं किया गया, तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।
