सिंचाई नहर से पेंटर का शव बरामद
Spread the love

हल्द्वानी में सनसनी, सिंचाई नहर से पेंटर का शव बरामद, मौत पर सस्पेंस

नैनीताल जिले के हल्द्वानी में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब मुखानी थाना क्षेत्र के लामाचौड़ इलाके में एक सिंचाई नहर से 45 वर्षीय पेंटर का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान प्रेम शंकर के रूप में हुई है, जो पीलीकोठी क्षेत्र में किराए पर रहकर पेंटिंग का काम करते थे।

बताया जा रहा है कि प्रेम शंकर रोज की तरह काम पर निकले थे, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच गुरुवार रात एक दोस्त का फोन आया, जिसने बताया कि प्रेम शंकर का शराब के नशे में किसी से झगड़ा हो गया था और बाद में उन्हें ऑटो से घर भेज दिया गया है।

हालांकि इसके बाद भी प्रेम शंकर घर नहीं पहुंचे। शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने लामाचौड़ इलाके में सिंचाई नहर में एक शव देखा, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकाला, जिसके बाद उसकी पहचान प्रेम शंकर के रूप में हुई।

परिजनों का आशंका है कि प्रेम शंकर पूरी रात नहर के पानी में पड़े रहे, जिससे उनकी मौत हो गई। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि प्रेम शंकर नहर में कैसे पहुंचे—यह हादसा था या इसके पीछे कोई और वजह। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों से पर्दा उठ सकेगा।


Spread the love

You missed