
देवभूमि जन हुंकार, हल्द्वानी / नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल जनपद के हल्द्वानी शहर से दोस्ती को कलंकित करने वाली और रूह कंपा देने वाली एक घटना सामने आ रही है। काठगोदाम क्षेत्र में जन्मदिन की पार्टी के दौरान चार दोस्तों के साथ कार में घूम रहे एक 21 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में दर्दनाक मौत हो गई। युवक चलती कार से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुआ था, और आरोप है कि उसके साथ मौजूद दोस्त उसे चिकित्सालय पहुंचाने के बजाय सड़क किनारे तड़पता छोड़कर कार समेत फरार हो गए। इस घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने हत्या की आशंका जताई है।
यह भी पढ़ें हरिद्वार के सिडकुल में सरेआम हुड़दंग और मारपीट करने वाले 4 हुड़दंगी गिरफ्तार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, काठगोदाम क्षेत्र के तुलसी नगर, पाली सीट निवासी 21 वर्षीय पुष्कर कोहली एक निजी स्कूल बस में कंडक्टर के रूप में कार्य करता था। बताया गया कि वह गुरुवार देर शाम अपने चार दोस्तों के साथ जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के लिए घर से निकला था। इसके बाद देर रात तक सभी दोस्त कार में सवार होकर शहर में घूमते रहे और पार्टी करते रहे।
घटना से पहले कार में मौजूद युवकों के कई वीडियो और डिजिटल साक्ष्य भी सामने आए हैं, जिनमें वे कथित रूप से नशे की हालत में दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में कार के भीतर शराब की बोतलें रखी होने की बात भी सामने आई है। युवक देर रात तक कार में घूमते हुए स्नैपचैट (Snapchat) पर लगातार वीडियो बना रहे थे। इतना ही नहीं, घटना से पहले पुष्कर कोहली ने सोशल मीडिया पर बीयर की बोतल के साथ एक तस्वीर भी साझा की थी।
यह भी पढ़ें हरिद्वार के सिडकुल में सरेआम हुड़दंग और मारपीट करने वाले 4 हुड़दंगी गिरफ्तार
रात करीब एक बजे के बाद जब यह कार काठगोदाम की ओर जा रही थी, तभी जमरानी कॉलोनी पनचक्की के पास पुष्कर कोहली संदिग्ध परिस्थितियों में चलती कार के दरवाजे से नीचे सड़क पर जा गिरा।
इस घटना का सबसे गंभीर और अमानवीय पहलू यह है कि पुष्कर के साथ कार में मौजूद उसके दोस्त उसे गंभीर हालत में भी किसी चिकित्सालय या अस्पताल पहुँचाने के बजाय, उसे सड़क किनारे खून से लथपथ और तड़पता हुआ छोड़कर अपनी कार लेकर मौके से फरार हो गए।
यह भी पढ़ें आरटीओ कार्यालय में असलहा लहराकर फायर करने वाले वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी पर गिरी गाज
स्थानीय लोगों और पुलिस के माध्यम से जब घटना की सूचना सुबह परिजनों को मिली, तो घर में कोहराम मच गया। परिजनों ने इस पूरी घटना को बेहद संदिग्ध करार देते हुए पुष्कर के दोस्तों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि दोस्तों ने समय रहते उसे अस्पताल पहुँचा दिया होता, तो उसकी जान बच सकती थी।
सूचना मिलते ही काठगोदाम और हल्द्वानी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अब घटना से पहले के वायरल वीडियो, सोशल मीडिया पोस्ट और कार में मौजूद रहे अन्य दोस्तों की तलाश के लिए आसपास के सीCTV फुटेज खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सर्विलांस जांच के बाद ही मौत की असली वजह और पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।
देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें



