देवभूमि जन हुंकार, देहरादून / उत्तराखंड: देवभूमि उत्तराखंड के राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य राज्योत्सव समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। अपने संबोधन की शुरुआत भारत माता के जयकारों के साथ करते हुए गृह मंत्री ने विपक्ष पर जमकर सियासी तीर छोड़े। उन्होंने कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर तीखा प्रहार करते हुए दावा किया कि उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी (BJP) लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है, और इसके लिए पार्टी ने 65 से अधिक सीटें जीतने का महालक्ष्य तय किया है।
“कांग्रेस की वोट बचाओ यात्रा सिर्फ घुसपैठियों को बचाने की कोशिश”— अमित शाह
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरों और पार्टी की गतिविधियों पर सवाल उठाते हुए अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी के आने-जाने से भाजपा के जमीनी कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा उत्तराखंड के गठन का विरोध किया और राज्य के विकास को पीछे धकेला। कांग्रेस के शासनकाल में पहाड़ से पलायन बढ़ा और यहाँ का पानी व जवानी स्थानीय काम नहीं आ सकी। शाह ने कांग्रेस की हालिया ‘वोट बचाओ यात्रा’ को आड़े हाथों लेते हुए इसे सीधे तौर पर “घुसपैठियों को बचाने की कोशिश” करार दिया।
गृह मंत्री ने राज्य आंदोलन के दिनों को याद करते हुए रामपुर तिराहा कांड और शहीदों के बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने 9 नवंबर 2000 को उत्तराखंड राज्य बनाने का सपना साकार किया था, और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार उस राज्य को संवारने और विकसित करने का कार्य कर रही है। शाह ने विश्वास जताया कि वर्ष 2047 तक उत्तराखंड देश के विकसित राज्यों की अग्रिम पंक्ति में खड़ा होगा।
समान नागरिक संहिता (UCC), नकल विरोधी कानून और कड़े फैसलों को बताया बड़ी उपलब्धि
उत्तराखंड सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य में लागू समान नागरिक संहिता (UCC) को सबसे बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने गर्व के साथ कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है जिसने यूसीसी को धरातल पर लागू किया है, और अब अन्य भाजपा शासित राज्य भी इस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने तीन तलाक, हलाला, धर्मांतरण विरोधी कानून और देश के सबसे कड़े नकल विरोधी कानून का जिक्र करते हुए कहा कि धामी सरकार ने इन क्षेत्रों में साहसिक और दूरगामी फैसले लिए हैं।
सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास और राष्ट्रीय सुरक्षा का उल्लेख करते हुए शाह ने कहा कि पहले बॉर्डर एरिया की कनेक्टिविटी और सड़कों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया था, लेकिन केंद्र की मोदी सरकार ने इन क्षेत्रों में सामरिक और बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ किया है। सर्जिकल स्ट्राइक और देश की रक्षा नीतियों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि भारत की तरफ आंख उठाने वालों को कड़ा और मुंहतोड़ जवाब दिया गया है।
65+ सीटों का लक्ष्य, कार्यकर्ताओं से की और अधिक मेहनत की अपील
भाजपा के पिछले चुनावी आंकड़ों का हवाला देते हुए गृह मंत्री ने बताया कि वर्ष 2017 के चुनाव में पार्टी ने 46% वोट शेयर के साथ 57 सीटें जीती थीं, जबकि 2022 के चुनाव में 44% वोट के साथ 47 सीटों पर विजय प्राप्त की थी। अब कार्यकर्ताओं को अपने दायरे को और बढ़ाते हुए 65 से अधिक सीटें जीतने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ना होगा। शाह ने कहा कि देश के कई राज्यों में भाजपा ने लगातार तीसरी बार सरकार बनाई है और अब उत्तराखंड में भी पार्टी की शानदार ‘हट्रिक’ तय है। उन्होंने अंत में उत्तराखंड को देश की सांस्कृतिक राजधानी बनाने का अपना संकल्प दोहराते हुए सीमांत राज्य को पूरी तरह सुरक्षित और विकसित बनाने का आह्वान किया।
देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें


