Uttarakhand Road Accident Concept Representing Scorpio and Dumper Crash in Ramnagar Nainital
Spread the love

देवभूमि जन हुंकार, रामनगर / नैनीताल / गाजियाबाद: उत्तराखंड के नैनीताल जनपद के अंतर्गत रामनगर क्षेत्र से सड़क दुर्घटना की एक बेहद दिल दहला देने वाली और दुखद खबर सामने आ रही है। चार महीने पहले ही जिंदगी के नए सफर की शुरुआत करने वाले एक नवविवाहित जोड़े का नैनीताल हनीमून का सपना पलभर में उजड़ गया। रामनगर के पीरूमदारा के पास बीती रात एक बेकाबू 22 टायरा डंपर ने उनकी नई स्कॉर्पियो कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनकी डॉक्टर पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

यह भी पढ़ें 👉देहरादून में सेक्स रैकेट का पर्दाफाश: किराए के मकान में चल रहा था खेल, नाबालिग लड़की रेस्क्यू— देखें पूरी खबर

प्राप्त विस्तृत विवरण के अनुसार, गाजियाबाद के शाहपुर बमेठा (थाना वेव सिटी) निवासी 24 वर्षीय यतीश यादव पुत्र सुरेश चंद्र यादव की शादी इसी साल 20 अप्रैल 2026 को शीतल के साथ हुई थी। शादी के कुछ महीनों बाद यह नवविवाहित जोड़ा अपनी जिंदगी के खूबसूरत पलों को बिताने और नैनीताल घूमने के लिए अपनी नई स्कॉर्पियो से निकला था। लेकिन उन्हें क्या पता था कि खुशियों से शुरू हुआ यह सफर उनके जीवन का आखिरी सफर साबित होगा।

घटना कल देर रात करीब 1 बजकर 20 मिनट की है। यतीश यादव अपनी पत्नी शीतल के साथ काशीपुर से रामनगर होते हुए नैनीताल की ओर जा रहे थे।

यह भी पढ़ें 👉हरिद्वार के लक्सर में मंदिर गई 26 वर्षीय युवती का संदिग्ध परिस्थितियों में अपहरण: रुड़की रोड स्थित शिव मंदिर से कार में जबरन ले जाने का मामला आया सामने

जैसे ही उनकी स्कॉर्पियो रामनगर के पीरूमदारा क्षेत्र से आगे चौधरी ढाबे के पास पहुँची, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार 22 टायरा डंपर (संख्या HR38AC 4554) के साथ उनकी गाड़ी की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए।

हादसे में स्कॉर्पियो चला रहे यतीश यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी शीतल गंभीर रूप से घायल होकर अहोश हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल महिला को अस्पताल भिजवाया, जहाँ से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें दिल्ली एनसीआर के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें 👉हल्द्वानी में रेलवे कर्मी से 47 लाख की ठगी: प्लॉट और मकान का झांसा देकर ऐंठे पैसे, अब कोर्ट के आदेश पर FIR

मृतक यतीश यादव एक प्रतिभावान युवा थे। वे राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी थे और वर्ष 2021 की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में विजेता भी रहे थे। खेलों के अलावा वे एक निजी स्कूल में बच्चों को पढ़ाकर अपना भविष्य संवार रहे थे। वहीं, उनकी पत्नी शीतल पेशे से डॉक्टर हैं।

इस भयंकर हादसे की खबर जैसे ही गाजियाबाद स्थित उनके परिवार को मिली, घर में कोहराम मच गया। यतीश के पिता सुरेश यादव व अन्य परिजन तुरंत रामनगर संयुक्त चिकित्सालय पहुँचे, जहाँ पुलिस की देखरेख में शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। दुखी पिता सुरेश यादव ने आरोप लगाया कि तेज रफ्तार डंपर चालक ने लापरवाही से ओवरटेक करते हुए गलत दिशा में आकर उनके बेटे की गाड़ी को टक्कर मारी है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सख्त कानूनी कार्रवाई और न्याय की मांग की है। इस घटना से रामनगर से लेकर गाजियाबाद तक शोक की लहर दौड़ गई है।

👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें


Spread the love

You missed