महज 22 साल की उम्र में धारी ब्लॉक की कमान सम्भालेंगी भावना
भीमताल। धारी विकासखंड की ग्रामसभा मज्यूली से निर्विरोध बीडीसी सदस्य चुनी गई भावना ने इतिहास रच दिया है। महज 22 वर्ष की आयु में वह धारी ब्लॉक की सबसे कम उम्र की ब्लॉक प्रमुख बनने जा रही हैं। हाल ही में हुए चुनाव में भावना ने 14 मत पाकर भाजपा प्रत्याशी रेखा आर्य (13 मत) को मामूली अंतर से हराया।
भावना का राजनीतिक और सामाजिक सफर काफी प्रेरणादायक है। उनके माता और पिता, दोनों ही ग्रामसभा मज्यूली के प्रधान पद पर रह चुके हैं। बचपन से ही सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहने वाली भावना ने शिक्षा के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उनकी सक्रियता, शैक्षणिक योग्यता और सादगीपूर्ण व्यक्तित्व ने उन्हें धारी ब्लॉक ही नहीं, बल्कि आस-पास की ग्रामसभाओं—लालेख, अनर्पा तल्ली व मल्ली, दीनी, महतोल्या—की जनता के बीच लोकप्रिय बना दिया है।
इस बार धारी ब्लॉक प्रमुख का पद अनुसूचित जाति की महिला के लिए आरक्षित था। भावना सहित कुछ अन्य महिलाएं भी बीडीसी सदस्य के रूप में निर्वाचित हुईं, लेकिन भावना का निर्विरोध चुना जाना, उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि और जनता में गहरी पकड़ ने उन्हें अन्य प्रत्याशियों से आगे कर दिया।
स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि भावना निर्वाचित होती हैं तो वह न केवल धारी ब्लॉक, बल्कि पूरे प्रदेश की सबसे कम उम्र की ब्लॉक प्रमुख बनने का गौरव हासिल करेंगी। इतनी कम उम्र में यह जिम्मेदारी संभालना युवाओं के लिए एक मिसाल साबित होगा।
भावना की जीत पर क्षेत्र में खुशी की लहर है। जिला पंचायत सदस्य पूनम बिष्ट और पूर्व जिला पंचायत सदस्य गोपाल सिंह बिष्ट ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि भावना ने यह जीत दर्ज कर धनबल और बाहुबल की राजनीति को करारा जवाब दिया है।
