जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल
Spread the love

हल्द्वानी से बड़ी खबर: अंतिम इच्छा का सम्मान, सेवानिवृत्त दूरसंचार कर्मी धर्मशक्तू की देह मेडिकल कॉलेज को दान

हल्द्वानी। सेवानिवृत्त दूरसंचार विभाग कर्मी और सामाजिक कार्यों के लिए पहचाने जाने वाले पुरमल सिंह धर्मशक्तू का रविवार देर शाम निधन हो गया। बीएसएनएल में एसडीओ पद से सेवानिवृत्त हुए धर्मशक्तू मूल रूप से मुनस्यारी के टिमटिया गांव के रहने वाले थे और वर्तमान में कमलुवागंजा, हल्द्वानी में निवासरत थे।

धर्मशक्तू की अंतिम इच्छा थी कि मृत्यु उपरांत उनकी देह शिक्षण एवं अनुसंधान कार्य के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज सुशीला तिवारी को दान की जाए। इस इच्छा को पूरा करने के लिए उनके पुत्र कार्तिकेय सिंह ने प्रशासन से संपर्क किया, लेकिन आवश्यक कागजात पूरे न होने के कारण देरी हो रही थी।

स्थिति की गंभीरता को समझते हुए परिजन शाम को ही जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल से मिले। डीएम रयाल ने परिजनों के अनुरोध और दिवंगत की अंतिम इच्छा का सम्मान करते हुए तुरंत आदेश जारी कर देहदान की अनुमति प्रदान की। साथ ही मेडिकल कॉलेज प्रबंधन को भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

डीएम की त्वरित पहल के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने धर्मशक्तू की देह को शैक्षणिक एवं अनुसंधान कार्यों के लिए स्वीकार कर लिया है।

धर्मशक्तू के परिजनों व स्थानीय लोगों ने डीएम रयाल के संवेदनशील निर्णय और त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।

समाज और शिक्षा के लिए जीवन पर्यन्त सेवा करने वाले धर्मशक्तू ने देहदान के माध्यम से अंतिम समय में भी मानवता की मिसाल पेश की।


Spread the love