Spread the love

हल्द्वानी में दो स्थानों पर मिले शव, शहर में सनसनी

हल्द्वानी। शनिवार को शहर में अलग-अलग स्थानों पर दो शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।

पहली घटना रामलीला मैदान के पास गुरुद्वारा के पीछे स्थित जगन्नाथ गली की है। यहां खाली प्लॉट से 35 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान सुभाष, निवासी कोलकाता के रूप में हुई है। वह हल्द्वानी में रहकर ज्वेलरी बनाने का काम करता था। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।

दूसरी घटना काठगोदाम थाना क्षेत्र के दमुवाढूंगा जंगल की है। यहां 49 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतका भोटिया पड़ाव की रहने वाली थी। परिजनों ने बताया कि वह दवा लेने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। देर शाम तलाश के दौरान वह जंगल के पास बेहोशी की हालत में मिली। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में विषाक्त पदार्थ सेवन की आशंका जताई गई है। महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही है।

दोनों घटनाओं की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने बताया कि मौत के सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएंगे।


Spread the love