Spread the love

जनता मिलन में आयुक्त दीपक रावत ने सुनी समस्याएँ

वीज़ा धोखाधड़ी, सड़क दुर्घटना और भूमि विवाद मामलों पर त्वरित कार्रवाई

हल्द्वानी, 6 सितंबर 2025। हल्द्वानी स्थित कैम्प कार्यालय में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में आयुक्त/सचिव मा. मुख्यमंत्री दीपक रावत ने आमजन की समस्याओं की सुनवाई की। इस दौरान कई मामलों का निस्तारण मौके पर ही किया गया।

कार्यक्रम में ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर 8 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया। आयुक्त ने एजेंट को सख्त चेतावनी दी और जनता से अपील की कि वे सतर्क रहें तथा वीज़ा संबंधी जानकारी आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त करें।

खैरना क्षेत्र में सड़क हादसे में सात वर्षीय बालक की मौत और उसकी मां के घायल होने की घटना पर आयुक्त ने दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही, पीड़ित परिवार को प्रतिमाह 5,000 रुपये, इलाज का खर्च और बीमा राशि उपलब्ध कराने को कहा।

ऊधमसिंह नगर के सिरौली कलां गांव में गिरवी भूमि की धोखाधड़ी से बिक्री के मामले को गंभीर मानते हुए आयुक्त ने तत्काल संज्ञान लिया और पीड़ित को धनराशि वापस कराई।

लो.नि.वि. की सड़कों पर अतिक्रमण संबंधी शिकायत पर आयुक्त ने विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए। वरिष्ठ अभियंता ने बताया कि नैनीताल जिले में वर्षा से क्षतिग्रस्त लगभग 428 किमी सड़क पैचवर्क हेतु निविदाएं आमंत्रित की गई हैं और एक माह में कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

रूद्रपुर में कालोनाइजर द्वारा विकास कार्य न करने और नक्शा पास न कराने की शिकायत पर आयुक्त ने संबंधित कालोनाइजर सतपाल यादव को अगली जनसुनवाई में तलब किया।

जनसुनवाई में भूमि विवाद, संपत्ति विवाद और पारिवारिक समस्याओं से जुड़े कई मामलों की भी सुनवाई हुई। कुछ मामलों का तत्काल समाधान किया गया, जबकि अन्य के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।

आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि जनता मिलन कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का शीघ्र और पारदर्शी समाधान है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुनकर समयबद्ध निस्तारण किया जाए।


Spread the love

You missed