बागेश्वर में शराब पीने के दौरान हुआ बवाल: सड़क पर गिरते ही युवक ने तोड़ा दम; गांव में तनाव, परिजनों का हत्या का दावा!
बागेश्वर: जनपद मुख्यालय से महज 10 किलोमीटर दूर स्थित गोगीनापानी (फल्यांटी) गांव में बुधवार शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ शराब पीने के दौरान हुए मामूली विवाद के बाद मारपीट में 40 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद से ही क्षेत्र में सन्नाटा पसरा हुआ है और दो पक्षों के बीच भारी तनाव का माहौल बना हुआ है। मृतक के परिजनों ने इसे सोची-समझी हत्या करार देते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
साथ बैठकर पी शराब, फिर शुरू हुआ खूनी विवाद
प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 7:00 बजे फल्यांटी स्थित एक दुकान के बाहर गोगीनापानी निवासी गोपाल राम (40 वर्ष) पुत्र काशीराम, पुष्कर और फल्यांटी निवासी जीवन के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।
प्रारंभिक पुलिस तफ्तीश में सामने आया है कि तीनों ने घटना से पहले एक साथ बैठकर शराब पी थी। नशे की हालत में शुरू हुई बहसबाजी देखते ही देखते हिंसक मारपीट में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हाथापाई के दौरान गोपाल राम को जोरदार धक्का लगा, जिससे वह मुख्य सड़क पर सीधे सिर के बल गिर पड़ा। सिर में गंभीर व जानलेवा चोट लगने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
अनाथ था मृतक गोपाल राम, दिल्ली में होटल कर्मी भाई घर रवाना
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल बागेश्वर की मोर्चरी में रखवा दिया। मृतक गोपाल राम अविवाहित था और उसके माता-पिता का पूर्व में ही देहांत हो चुका है। परिवार में उसका इकलौता भाई चंदन राम है, जो दिल्ली के एक निजी होटल में नौकरी करता है। घटना की जानकारी मिलते ही वह भी दिल्ली से गांव के लिए रवाना हो चुका है।
यह भी पढ़ें 👉 रोज-रोज के उत्पीड़न से तंग आकर बहू ने ब्लेड से काटा ससुर का प्राइवेट पार्ट, आरोपी महिला पुलिस हिरासत में! 👇
गांव में पुलिस फोर्स तैनात; SP और DSP ने संभाली कमान
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में आक्रोशित ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। परिजनों और ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
-
पुलिस अधीक्षक (SP) जितेंद्र मेहरा का आश्वासन:
“पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर तफ्तीश कर रही है। जल्द ही इस पूरे घटनाक्रम का पारदर्शी खुलासा किया जाएगा। जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस प्रशासन जनता से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करता है।”
-
सीओ (DSP) अजय साह का बयान:
“मामले की हर कोण से जांच की जा रही है। जिस दुकान के सामने मारपीट हुई, उसके संचालक और प्रत्यक्षदर्शियों से कड़ाई से पूछताछ जारी है। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।”
- 👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
- 👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
- 👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें
