Spread the love

आपदा प्रभावितों से मिले मुख्यमंत्री, हर संभव सहायता का भरोसा

पौंसरी और बैसानी में ग्रामीणों से की मुलाकात

संवाददाता सीमा खेतवाल।

बागेश्वर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को जिले के आपदा प्रभावित क्षेत्र पौंसरी का दौरा कर ग्रामीणों से भेंट की और उनका हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पूरी मजबूती से प्रभावितों के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता दी जाएगी।

इसके उपरांत मुख्यमंत्री राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैसानी पहुंचे, जहां उन्होंने आपदा प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना।

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी आशीष भटगांई से राहत एवं बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। जिलाधिकारी ने बताया कि 29 अगस्त को अतिवृष्टि से पौंसरी के खाईजर तोक में 05 मकान मलबे में दब गए थे। इनमें रहने वाले 06 व्यक्तियों में से 05 मलबे में दब गए और एक व्यक्ति सुरक्षित मिला। अब तक तीन शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि दो की तलाश के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, फायर टीम, ड्रोन, डॉग स्क्वाड और विक्टिम लोकेटिंग कैमरे की मदद से अभियान जारी है।

जिलाधिकारी ने बताया कि प्रभावितों को राहत राशि वितरित कर दी गई है तथा सभी आवश्यक सेवाएं सुचारू कर दी गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावित क्षेत्र में नुकसान का आकलन कर पुनर्वास प्रक्रिया को गति दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि क्षतिग्रस्त पिटकुल के 132 केवी सब स्टेशन को दुरुस्त करने के लिए 52 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी जा चुकी है।

इस मौके पर विधायक सुरेश गढ़िया, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के, प्रभागीय वनाधिकारी आदित्य रत्ना, मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी, अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, उपजिलाधिकारी प्रियंका रानी, अनिल सिंह रावत, ललित मोहन तिवारी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।


Spread the love