Spread the love

देहरादून: प्रधानाचार्य सीधी भर्ती के विरोध में आज से चॉक डाउन हड़ताल, शिक्षण कार्य प्रभावित होने की आशंका

स्कूल स्तर से लेकर प्रदेश मुख्यालय तक चलेगा आंदोलन

देहरादून। राजकीय शिक्षक संघ ने प्रधानाचार्य की सीधी भर्ती प्रक्रिया के खिलाफ आज से चॉक डाउन हड़ताल शुरू कर दी है। इससे सरकारी स्कूलों में शिक्षण कार्य प्रभावित होने की संभावना है।

संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि वे सीधी भर्ती का विरोध करते हैं और चाहते हैं कि प्रधानाचार्य पद पर नियुक्ति केवल पदोन्नति के आधार पर की जाए। इसके साथ ही संघ ने लंबित स्थानांतरण प्रक्रिया को भी जल्द शुरू करने की मांग उठाई है।

राजकीय शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष राम सिंह चौहान ने बताया कि आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। पहले चरण में स्कूल स्तर पर चॉक डाउन हड़ताल की जा रही है। इसके बाद ब्लॉक, जिला, मंडल और फिर प्रदेश मुख्यालय स्तर पर भी आंदोलन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि संघ पूरी तरह एकजुट है, हालांकि कुछ शिक्षक भर्ती प्रक्रिया का समर्थन करते हुए हड़ताल से अलग हो गए हैं। वहीं, एलटी समायोजित शिक्षक सशर्त रूप से हड़ताल में शामिल होने का निर्णय ले चुके हैं।

गौरतलब है कि शिक्षक संघ ने पहले 11 अगस्त से हड़ताल की घोषणा की थी, लेकिन उत्तरकाशी आपदा को देखते हुए इसे 17 अगस्त तक स्थगित कर दिया गया था। अब संघ ने तय कार्यक्रम के अनुसार आंदोलन की शुरुआत कर दी है।


Spread the love