नक्शों और अवैध निर्माण पर सख्ती, जिलाधिकारी ने दिए साप्ताहिक आपत्ति निवारण शिविर लगाने के आदेश
नैनीताल। जिलाधिकारी नैनीताल वंदना ने मंगलवार को जिला विकास प्राधिकरण (डीडीए) कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय में लंबित नक्शों, आपत्तियों और विभिन्न मामलों की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण में जिलाधिकारी ने पाया कि कई आवेदनों पर बार-बार आपत्ति लगाई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस प्रक्रिया को तत्काल समाप्त किया जाए और प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सबसे पुराने मामलों को प्राथमिकता दी जाए और भवन मानचित्र स्वीकृति निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी हो।
लोगों की समस्याओं को त्वरित हल करने के लिए जिलाधिकारी ने सचिव प्राधिकरण विजय नाथ शुक्ल को सप्ताह में नियमित रूप से आपत्ति निवारण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। इससे आवेदकों की समस्याओं का समाधान मौके पर ही हो सकेगा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अवैध भवन निर्माण पर हो रही कार्रवाई की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अभियंताओं के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी।
उन्होंने कार्यालय में दस्तावेजों के रखरखाव और डिजिटलीकरण कार्य की प्रगति का भी जायजा लिया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अभिलेखों को व्यवस्थित रूप से सूचीबद्ध कर सुरक्षित रखा जाए और कंपाउंडिंग जैसे कार्य पारदर्शी ढंग से किए जाएं।
