बागेश्वर में डोर-टू-डोर पंजीकरण अभियान जारी, UCC के लाभों से नागरिकों को किया जा रहा है जागरूक
संवाददाता सीमा खेतवाल
बागेश्वर— नगर पालिका परिषद बागेश्वर द्वारा यूनिफ़ॉर्म सिविल कोड (UCC) के अंतर्गत पंजीकरण को लेकर डोर-टू-डोर अभियान जारी है। जिलाधिकारी आशीष भटगांई के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत पालिका क्षेत्र के प्रत्येक घर तक पहुंच कर नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति इस प्रक्रिया से वंचित न रह जाए।
इस अभियान के लिए एक सुनियोजित रोस्टर प्लान तैयार किया गया है। पंजीकरण को सरल, सहज और पारदर्शी बनाने हेतु टीम द्वारा आवश्यक दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ घर से ही प्रमाणपत्र एकत्र किए जा रहे हैं। यह पहल नागरिकों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए प्रारंभ की गई है।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार, 28 जुलाई 2025 तक पंजीकरण निःशुल्क रहेगा। यह व्यवस्था आम जनता को यूनिफ़ॉर्म सिविल कोड के तहत उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से की गई है।
जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने जानकारी देते हुए बताया कि यूनिफ़ॉर्म सिविल कोड के लागू होने से आम नागरिकों को कई स्तरों पर महत्वपूर्ण लाभ मिलेंगे। विवाह, तलाक, गोद लेना, उत्तराधिकार और संपत्ति जैसे पारिवारिक मामलों में सभी समुदायों के लिए एक समान कानून लागू होगा। इससे विशेषकर महिलाओं को संरक्षण, संपत्ति में अधिकार, तथा भरण-पोषण जैसी व्यवस्था में न्यायपूर्ण बदलाव सुनिश्चित होंगे।
उन्होंने कहा कि “UCC से धार्मिक कानूनों की जटिलताओं से मुक्ति मिलेगी और न्यायिक प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध हो पाएगी। यह सामाजिक समरसता और लैंगिक समानता को भी बल देगा।”
