nainital-hotel-raid-420-warranty-woman-arrested-husband-fugitive
Spread the love

नैनीताल में ड्रामा: गिरफ्तारी के बाद आरोपी पुलिस को चकमा देकर हुआ गायब

नैनीताल। लंबे समय से 420 के मामले में फरार चल रहे गैर-जमानती वारंटियों की तलाश में जुटी पंजाब पुलिस को शनिवार को बड़ी सफलता मिली। लोकेशन ट्रेस होने पर टीम नैनीताल पहुंची और स्थानीय कोतवाली पुलिस की मदद से एक प्रतिष्ठित होटल में छिपे दंपती को दबोच लिया।

जानकारी के मुताबिक, पंजाब के मोहाली निवासी विवेक कुमार और उनकी पत्नी रितु अपने आठ वर्षीय बच्चे के साथ नैनीताल में ठहरे हुए थे। जैसे ही पंजाब पुलिस को उनकी मौजूदगी की पुष्टि हुई, तुरंत दबिश देकर दंपती को हिरासत में ले लिया गया और आगे की कार्रवाई के लिए कोतवाली लाया गया।

लेकिन इसी दौरान बड़ा घटनाक्रम हो गया। पूछताछ से पहले ही विवेक पुलिस की निगरानी से छूटकर फरार हो गया। अचानक हुई इस वारदात से पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। गिरफ्तारी टीम ने तुरंत पीछा किया, लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगा। इसके बाद कई घंटों तक शहर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, पर कोई सुराग हाथ नहीं लगा।

कोतवाल हेम पंत ने बताया कि महिला वारंटी रितु को उसके बच्चे सहित पंजाब पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। वहीं, फरार विवेक की तलाश में टीमें लगाई गई हैं और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।


Spread the love