Spread the love

इंस्टाग्राम प्रेम में दीवानी बनी इंजीनियरिंग छात्रा

कनाडा में पढ़ाई छोड़ युवक से विवाह करने रामनगर पहुंची युवती

रामनगर। इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती कब प्यार में बदल गई, इसका अंदाजा शायद खुद युवती को भी नहीं था। कनाडा में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही एक युवती ने सोशल मीडिया पर मिले युवक से प्रेम विवाह करने के लिए न केवल अपनी पढ़ाई छोड़ी, बल्कि परिजनों की इच्छा के विरुद्ध भारत लौटकर उत्तराखंड के मालधनचौड़ में मंदिर में शादी रचा ली। इस घटना ने क्षेत्र में खलबली मचा दी।

मूल रूप से तेलंगाना के हैदराबाद की रहने वाली युवती कनाडा में अपने माता-पिता के साथ रहकर इंजीनियरिंग के दूसरे वर्ष में पढ़ाई कर रही थी। युवती की मां कनाडा में प्रोफेसर और पिता इंजीनियर हैं। कुछ दिन पहले युवती छुट्टियों में हैदराबाद आई थी और 11 जुलाई को परिवार को बिना बताए घर से यह कहकर निकली कि वह घूमने जा रही है। इसके बाद से वह लापता हो गई।

परिजनों ने सैफाबाद थाने में युवती की गुमशुदगी दर्ज कराई। मोबाइल लोकेशन ट्रेस करने पर पुलिस को पता चला कि वह उत्तराखंड के रामनगर स्थित मालधनचौड़ क्षेत्र में है। पुलिस की जांच में सामने आया कि युवती की इंस्टाग्राम पर गिरिजा शंकर नामक युवक से दोस्ती थी, जो 12वीं पास और फिलहाल बेरोजगार है। दोनों के बीच पिछले कुछ महीनों से बातचीत चल रही थी।

युवती रविवार को सीधे युवक के घर मालधन पटरानी पहुंच गई और सोमवार सुबह दोनों ने स्थानीय मंदिर में शादी कर ली। जैसे ही इस बात की सूचना युवती के परिवार तक पहुंची, वे हैदराबाद पुलिस के साथ रामनगर पहुंच गए। युवक के घर पर दोनों पक्षों के बीच काफी बहस हुई, जिसके बाद मामला रामनगर कोतवाली पहुंच गया।

कोतवाली में एसएसआई मनोज नयाल की मौजूदगी में पुलिस ने युवती से पूछताछ की और काउंसलिंग भी कराई, लेकिन युवती अपने निर्णय पर अडिग रही। उसने स्पष्ट रूप से कहा कि वह बालिग है और अपनी मर्जी से शादी कर रही है। इसके बाद पुलिस ने कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की और युवती अपने पति के साथ उसके घर चली गई।

घटना के बाद स्थानीय स्तर पर यह मामला चर्चाओं का विषय बन गया है। परिजन युवती के इस कदम से आहत हैं, वहीं युवती ने अपने प्रेम के साथ जीवन शुरू करने का फैसला लिया है।


Spread the love

You missed