सरकारी विज्ञापन
Spread the love

ग्रामीणों को डराने-धमकाने पर जताया विरोध, सड़क मरम्मत समेत समस्याओं के समाधान की उठाई मांग

हल्द्वानी। वन विभाग के अधिकारियों- कर्मचारियों द्वारा बागजाला के ग्रामीणों को डराने धमकाने की कोशिश को रोके जाने की मांग के सम्बन्ध में अखिल भारतीय किसान महासभा बागजाला कमेटी के प्रतिनिमंडल ने प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) तराई पूर्वी डिवीजन से उनके कार्यालय हीरानगर हल्द्वानी में मुलाकात की।

किसान महासभा बागजाला कार्यकारिणी के सदस्यों ने कहा कि, बागजाला गाँव में एक ग्रामीण के घर पर बनी नाली पर बच्चों और मवेशियों का पांव फसने का खतरा बना हुआ था जिससे उन्होंने नाली के उपर सीमेंट से स्लैब बनाकर कर उसका निराकरण किया। इसी पर बीते 7 जुलाई 2025 को वन विभाग के कर्मचारियों ने उन्हें डरा धमका कर दलबल के साथ आकर नाली के ऊपर बने रास्ते को स्वयं तोड़ देने को कहा अन्यथा खुद आकर तोड़ देने की धमकी दी। जिससे ग्रामीणों में डर के माहौल के साथ काफी रोष व्याप्त है। वन विभाग के कर्मचारी 10 जुलाई को पुनः आकर धमकी दे गए हैं जिस कारण गांव के लोग आशंकित और खौफजदा हैं।

डीएफओ को दिए ज्ञापन में किसान महासभा बागजाला द्वारा कहा गया कि, हम लोग बागजाला गांव की समस्याओं को हल करने की मांग को लेकर आपसे आपके कार्यालय में मिले थे। उस समय आपने क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत का आश्वासन दिया था, वह तो आज तक नहीं हुआ लेकिन वन विभाग के अधिकारी कर्मचारी जिस तरह जनता को धमकाने का आचरण कर रहे हैं वह समझ से परे है।

किसान महासभा बागजाला द्वारा मांग की गई कि इस मनमानी पर रोक लगाई जानी चाहिए। गाँव में लोगों की रोजमर्रा की जिन्दगी में होने वाली दिक्कतों का समाधान करने के बजाए उसमें व्यवधान डालने वाले वन विभाग के कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाय ताकि बागजाला के ग्रामीण शान्ति से रह सकें और ग्रामीणों को आन्दोलन का रास्ता न अपनाना पड़े।

डीएफओ तराई पूर्वी ने सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन देते हुए कहा कि पुराने घरों की मरम्मत, नाली को ढकना, सड़क के गड्ढों को भरा जाना, टूटी छत को दुरुस्त करने जैसे कार्यों पर कोई रोक नहीं है।

किसान महासभा बागजाला द्वारा एक ज्ञापन गांव में बुरी तरह क्षतिग्रस्त सड़क की तत्काल मरम्मत कराए जाने की मांग पर उपजिलाधिकारी कार्यालय के माध्यम से जिलाधिकारी नैनीताल को भी प्रेषित किया गया।

प्रतिनिधिमंडल में किसान महासभा बागजाला की उपाध्यक्ष विमला देवी, सचिव वेद प्रकाश, कोषाध्यक्ष मीना भट्ट, प्रचार सचिव पंकज चौहान, भाकपा माले नैनीताल जिला सचिव डा कैलाश पाण्डेय, चन्दन सिंह मटियाली, प्रेम सिंह नयाल, शमीम बानो आदि शामिल थे।

 


Spread the love