घोगा नदी में हादसा: पिता की मौत, दिव्यांग पुत्र की तलाश जारी
बाजपुर (ऊधमसिंहनगर)। बाजपुर क्षेत्र के घोगा नदी में शुक्रवार को हुए दर्दनाक हादसे में पिता-पुत्र पानी के तेज बहाव में बह गए। ग्रामीणों की मदद से पिता का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दिव्यांग पुत्र का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। एसडीआरएफ की टीम लगातार सर्च अभियान चला रही है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बाजपुर निवासी अकील अहमद पुत्र जमील अहमद शुक्रवार को अपने इकलौते बेटे कामिल (जो दिव्यांग है) के साथ खेतों की ओर गए थे। वहां नदी किनारे लगे पॉपलर के पेड़ देख रहे थे कि इसी बीच अचानक कामिल का पैर फिसल गया और वह घोगा नदी के तेज बहाव में गिर पड़ा। बेटे को बचाने की कोशिश में अकील अहमद भी नदी में कूद गए और दोनों बहाव में बह गए।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे। गांव के तैराक युवकों ने कड़ी मशक्कत के बाद अकील अहमद को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। बेटे कामिल की तलाश अभी भी जारी है।
सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सर्च अभियान शुरू किया। वहीं, उप जिलाधिकारी डॉ. अमृता शर्मा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार को सांत्वना दी।
मौके पर एसएसआई विनोद फर्त्याल, चौकी प्रभारी रमेश चंद्र बेलवाल, ग्राम प्रधान पति सोनू मोहम्मद रफी, जुनेद आलम, गजेंद्र सिंह, राकेश प्रधान, कुलदीप शर्मा, बिलात अली, एडवोकेट राजेश पांडे, गुलवेज, डॉ. अहमद, जाकिर अली, शकील सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों का कहना है कि घोगा नदी के तेज बहाव के कारण ऐसे हादसे लगातार बढ़ रहे हैं। प्रशासन से नदी किनारों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग भी की गई है।
