चोरगलिया में बड़ा हादसा: शेरनाले में बह गई फॉर्च्यूनर
तेज बहाव में फंसे 10 लोगों को पुलिस ने समय रहते बचाया, प्रशासन ने की सतर्कता की अपील।
नैनीताल। जागेश्वर धाम से लौट रहे 10 यात्रियों की जान उस वक्त सांसत में आ गई जब 20 जुलाई 2025 की रात्रि लगभग 12:30 बजे, शेरनाला (चोरगलिया क्षेत्र) में अचानक पानी का बहाव तेज होने से उनका वाहन स्कार्पियो (UK18 F 2000) पलट गया। हादसे के दौरान सभी यात्री गंभीर संकट में फंस गए, लेकिन समय रहते पहुंची पुलिस टीम ने अदम्य साहस और सूझबूझ से सभी की जान बचा ली।
घटना की सूचना मिलते ही चोरगलिया थानाध्यक्ष श्री राजेश जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तेज बहाव के बीच बिना समय गंवाए सभी 10 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान पुलिस कर्मियों ने मानव श्रृंखला बनाकर और रस्सियों के सहारे फंसे हुए लोगों को पानी से बाहर निकाला।
रेस्क्यू किए गए लोग में अमन कश्यप, राहुल कश्यप (चालक), टीटू दिवाकर, मनीष लोधी, रमेश चन्द्र, चन्द्र सैन, अंकित कटियार, करन लोधी, रोहित कश्यप और अभिमन्यु — सभी निवासी पीलीभीत, उत्तर प्रदेश के है
यात्रियों ने बताया कि वे जागेश्वर धाम (अल्मोड़ा) से दर्शन कर लौट रहे थे। देर रात जब वे चोरगलिया जंगल क्षेत्र में शेरनाला के पास पहुंचे तो नाले में हल्का पानी बह रहा था। उन्हें लगा कि वाहन पार हो जाएगा, लेकिन नाले में उतरते ही अचानक पानी का बहाव खतरनाक स्तर तक बढ़ गया और स्कार्पियो तेज धारा में बहकर पलट गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और साहसी प्रयास से 10 लोगों की जान बचाई जा सकी।
