Spread the love

मेडिकल कॉलेज में मौत, छात्रा की आत्महत्या ने उठाए कई सवाल

हॉस्टल की दीवारों के पीछे छिपे तनाव के संकेत?

श्रीनगर गढ़वाल (उत्तराखंड): श्रीनगर स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज के छात्रावास में उस समय हड़कंप मच गया जब एनाटॉमी विभाग में प्रथम वर्ष की एक पीजी छात्रा का शव उसके कमरे में संदिग्ध परिस्थिति में मिला। मामले की जानकारी मिलते ही कॉलेज प्रशासन और पुलिस विभाग हरकत में आ गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार को विभाग द्वारा आयोजित एक सेमिनार में छात्रा अनुपस्थित रही, जिससे संदेह उत्पन्न हुआ। शिक्षकों ने इस संबंध में कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश रावत को सूचित किया। इसके बाद अधीक्षक ने छात्रावास के केयरटेकर को छात्रा की जानकारी लेने के निर्देश दिए।

करीब दोपहर 1 बजे के आसपास केयरटेकर जब छात्रा के कमरे पर पहुँचा तो दरवाजा अंदर से बंद मिला और कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। स्थिति को गंभीर मानते हुए अधीक्षक डॉ. रावत और एनाटॉमी विभागाध्यक्ष डॉ. अनिल द्विवेदी मौके पर पहुँचे और तुरंत श्रीकोट पुलिस चौकी को सूचना दी गई।

पुलिस टीम के मौके पर पहुंचने के बाद दरवाजा तोड़ा गया, जहाँ छात्रा का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि अभी तक आत्महत्या के स्पष्ट कारण सामने नहीं आ पाए हैं।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्यवाही पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। छात्रा के परिजनों को सूचना दे दी गई है और कॉलेज प्रशासन भी घटना को लेकर आंतरिक रिपोर्ट तैयार कर रहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच की जा रही है।


Spread the love

You missed