गदरपुर बना उत्तराखंड भाजपा की राजनीति का केंद्र: अनिल बलूनी के बाद त्रिवेंद्र रावत की ‘सीक्रेट’ दस्तक, आखिर क्या पक रहा है?
गदरपुर (ऊधम सिंह नगर): गदरपुर विधानसभा सीट के विधायक अरविंद पांडे का आवास इन दिनों उत्तराखंड भाजपा की राजनीति का मुख्य केंद्र बना हुआ है। पौड़ी सांसद अनिल बलूनी के दौरे के ठीक अगले दिन आज हरिद्वार सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत विधायक पांडे के आवास पर पहुंचे। दिग्गजों के इस बैक-टू-बैक दौरे ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है कि पर्दे के पीछे किसी बड़े फेरबदल या रणनीति की तैयारी चल रही है।
विधायक आवास पर कार्यकर्ताओं के भारी उत्साह के बीच त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कार्यकर्ताओं के आग्रह पर डमरू बजाया। उन्होंने इसे आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों का आगाज बताते हुए कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने के लिए हमेशा तैयार है। उन्होंने पश्चिम बंगाल के संघर्ष और प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों के बेमिसाल कार्यकाल का जिक्र करते हुए देश के 22 राज्यों में भाजपा की सफलता का श्रेय कार्यकर्ताओं के खून-पसीने को दिया।
अपने संबोधन में पूर्व सीएम ने विधायक अरविंद पांडे की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, “मंत्री या मुख्यमंत्री बनना अलग बात है, लेकिन एक ही क्षेत्र से लगातार 5 बार विधायक बनना और फिर नए क्षेत्र में जाकर फिर से जीत दर्ज करना अरविंद पांडे की जबरदस्त जन-लोकप्रियता को दर्शाता है।” उन्होंने पांडे को ‘संघ’ का पुराना और संघर्षशील साथी बताते हुए उनके नेतृत्व पर भरोसा जताया।
पर्दे के पीछे की ‘सीक्रेट’ मुलाकात
कार्यकर्ताओं से औपचारिक मुलाकात के बाद त्रिवेंद्र सिंह रावत और अरविंद पांडे के बीच बंद कमरे में काफी देर तक एकांत में बातचीत हुई। राजनीतिक जानकार इस मुलाकात को आने वाले चुनाव और संगठन के भीतर चल रही किसी बड़ी उथल-पुथल से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, पार्टी के पदाधिकारी किसी भी मतभेद से इनकार कर रहे हैं, लेकिन जिस तरह से अनिल बलूनी और फिर त्रिवेंद्र सिंह रावत का दौरा हुआ, वह स्पष्ट संकेत दे रहा है कि शीर्ष नेतृत्व अरविंद पांडे को लेकर किसी विशेष मिशन पर है।
सांसद रावत ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसी संकल्प के साथ भाजपा ने कांग्रेस की सरकार हटाई थी। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव और राज्य में हो रहे विकास कार्यों की बदौलत प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनेगी।
इस दौरान भाजपा नगर अध्यक्ष तरुण दूबे, नरेश गुड़िया, अतुल पांडे सहित दर्जनों वरिष्ठ पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने नारों के साथ सांसद रावत का जोरदार स्वागत किया।





