हल्द्वानी: रेलवे भूमि पर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, 90 से अधिक कब्जे चिन्हित
हल्द्वानी में रेलवे भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के लिए रेलवे, राजस्व विभाग और वन विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार को व्यापक सर्वे एवं सीमांकन अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर 90 से अधिक अतिक्रमणों की पहचान की।

सर्वे में पाया गया कि कब्जाई गई भूमि पर अवैध निर्माण, आवासीय मकान, मस्जिद, मजार और कई अस्थायी ढांचे खड़े हैं। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि इन क्षेत्रों में स्टाम्प पेपर पर गैरकानूनी तरीके से जमीन की खरीद-फरोख्त की गई है।
टीम ने मौके पर ही अतिक्रमण स्थलों का चिन्हांकन कर विस्तृत विवरण दर्ज किया और सभी कब्जाधारियों को नोटिस जारी किए। मुनादी के जरिए लोगों को स्वेच्छा से रेलवे भूमि खाली करने की चेतावनी दी गई, अन्यथा कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।
अभियान में उप जिलाधिकारी हल्द्वानी राहुल शाह, सीनियर सेक्शन इंजीनियर काठगोदाम गिरजेश कुमार, तहसीलदार हल्द्वानी मनीषा बिष्ट, तहसीलदार लालकुआं कुलदीप पांडे, राजस्व एवं वन विभाग के अधिकारी, रेलवे पुलिस, स्थानीय पुलिस बल और अन्य विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई सरकारी संपत्ति की सुरक्षा और रेलवे से संबंधित नियमों के अनुपालन के लिए की जा रही है। जब तक पूरा क्षेत्र अतिक्रमण मुक्त नहीं हो जाता, विभागीय टीमें मिलकर अभियान जारी रखेंगी।
