जंगलिया गांव में स्वच्छता अभियान को लेकर अहम बैठक, प्लास्टिक फैलाने पर लगेगा ₹1000 जुर्माना
जंगलिया ।ग्राम पंचायत जंगलिया गांव के पंचायत घर में स्वच्छता अभियान को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन ग्राम प्रधान राधा कुल्याल की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में ग्राम वासियों ने गांव को कूड़ा मुक्त और प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प लिया।
बैठक के दौरान ग्रामीणों ने सड़क के दोनों छोरों पर फैल रहे प्लास्टिक कचरे पर गहरी चिंता व्यक्त की। इस पर ग्राम प्रधान राधा कुल्याल ने जानकारी दी कि शीघ्र ही सड़क किनारे 10 जागरूकता बोर्ड लगाए जाएंगे, जिनके माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क पर कूड़ा फेंकते हुए पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ ₹1000 का अर्थदंड लगाया जाएगा।
इसके अलावा ग्राम पंचायत की ओर से विद्यालयों में भी जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि बच्चों और युवाओं को स्वच्छता के महत्व के प्रति प्रेरित किया जा सके।
सामाजिक कार्यकर्ता प्रेम सिंह कुल्याल ने बताया कि जागरूकता बोर्ड लगाए जाने के बाद होम स्टे संचालकों, होटल व्यवसायियों तथा बाहरी लोगों, जिन्होंने गांव में आवास बनाए हैं, उनके साथ बैठक कर स्वच्छता अभियान में सहयोग की अपील की जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा के नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य बालम सिंह रैकवाल, पूर्व प्रधानाचार्य दयानंद त्रिपाठी, किशोरी दत्त शर्मा, सुरेंद्र सिंह कुल्याल, मदन मोहन कुल्याल, कुंवर सिंह बिष्ट, त्रिलोक सिंह कुल्याल, जगत सिंह कुल्याल, विनोद पलड़िया, लाल सिंह कुल्याल, राजेंद्र सिंह पड़ियार, महेंद्र सिंह पड़ियार, संजय पड़ियार, नव युवक मंगल दल अध्यक्ष कमल कुल्याल, शोभन राम आर्य, जानकी कुल्याल, उमा कुल्याल, रेखा कुल्याल सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।
