काशीपुर में खनन डंपर बना काल
Spread the love

काशीपुर में खनन डंपर बना काल, बाइक सवार युवक को रौंदा — मौके पर मौत, उग्र भीड़ ने डंपर फूंका

उधम सिंह नगर/काशीपुर। उधम सिंह नगर जिले से सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। काशीपुर के कुंडेश्वरी चौकी क्षेत्र अंतर्गत ढकिया नंबर एक में उस वक्त अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई, जब खनन सामग्री से लदा एक बेकाबू डंपर सड़क पर मौत बनकर दौड़ा और बाइक सवार युवक को बेरहमी से कुचल दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा सोमवार सुबह करीब 8 बजे का है। खनन से भरा डंपर अचानक अनियंत्रित हुआ और सामने से आ रहे बाइक सवार को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान जयपाल के रूप में हुई है। जैसे ही हादसे की खबर फैली, मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मृतक के परिवार में कोहराम मच गया, वहीं क्षेत्र में शोक और गुस्सा एक साथ फूट पड़ा।

इस हृदय विदारक हादसे के बाद लोगों का आक्रोश इस कदर भड़का कि भीड़ ने कानून को हाथ में लेते हुए डंपर में आग लगा दी। देखते ही देखते शांत इलाका हिंसा और आगजनी का केंद्र बन गया। धुएं के गुबार और जलते डंपर ने पूरे क्षेत्र को दहशत में डाल दिया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में खनन से जुड़े भारी वाहनों की तेज रफ्तार लंबे समय से खतरा बनी हुई थी। आज यह गुस्सा एक जान जाने के बाद सड़कों पर फूट पड़ा।

आगजनी की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

जहां एक ओर सड़क पर बेलगाम दौड़ते खनन डंपरों ने एक और मासूम जान ले ली, वहीं दूसरी ओर भीड़ द्वारा की गई हिंसा ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस पूरे मामले में दोषियों पर क्या कार्रवाई करता है।


Spread the love

You missed