भीमताल में नैनीताल जिले के आठों ब्लॉक प्रमुखों की बैठक, विकास और पंचायतों को मजबूत करने पर जोर
नैनीताल/भीमताल। जनपद नैनीताल के भीमताल विकासखंड में जिले के आठों ब्लॉक प्रमुखों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की एकता को मजबूत करने, जनहित से जुड़े मुद्दों और पंचायतों के समग्र विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान विकास कार्यों में पारदर्शिता, समन्वय और प्रभावशीलता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में क्षेत्र पंचायत समिति (BDC) की बैठकों में जिलाधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित कराने पर सभी प्रमुखों ने एक स्वर में सहमति जताई। उनका कहना था कि अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी से विकास योजनाओं की गुणवत्ता सुधरेगी और स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो सकेगा।
यह भी पढ़ें 👉पत्नी, प्रेमी और मौत की साजिश! देवकृष्ण मर्डर केस में VIDEO ने खोले खौफनाक राज
इसके साथ ही ब्लॉकों में बढ़ते अनावश्यक हस्तक्षेप पर भी नाराजगी जताई गई। सभी ब्लॉक प्रमुखों ने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार का अनावश्यक दबाव या हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसके खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष किया जाएगा।
बैठक में ब्लॉक प्रमुख संगठन की कार्यकारिणी के गठन पर भी चर्चा हुई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी बैठक में कार्यकारिणी का विधिवत गठन किया जाएगा, जिससे संगठन को और अधिक सशक्त और प्रभावी बनाया जा सके।
सभी प्रमुखों ने जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, आपसी समन्वय बनाए रखने और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। साथ ही यह भी तय किया गया कि भविष्य में इस प्रकार की बैठकों का नियमित आयोजन किया जाएगा, ताकि विकास कार्यों की निरंतर समीक्षा हो सके।
यह भी पढ़ें 👉 पिथौरागढ़ में सनसनीखेज वारदात: बेटे ने हथौड़े से पिता पर किया हमला, इलाज के दौरान मौत
इससे पूर्व भीमताल पहुंचने पर ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने सभी का स्वागत किया। बैठक में ब्लॉक प्रमुख मंजू गौड़ (हल्द्वानी), डी. रूवाली (ओखलकांडा), मंजू नेगी (रामनगर), मनीषा जंतवाल (कोटाबाग), भावना आर्य (धारी), अंकित साह (बेतालघाट), दीपक कुमार (रामगढ़) सहित कई जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य मौजूद रहे।





