Spread the love

पटवारी पर 12 लाख की ठगी और धमकी का आरोप

पीड़ित बोला— चेक किसी और के नाम का, रकम लौटाने से किया इनकार

काशीपुर। बेटे को पटवारी की नौकरी दिलाने का झांसा देकर 12 लाख रुपये की ठगी के आरोप में खटीमा में तैनात पटवारी राजकुमार के खिलाफ आईटीआई थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है। पीड़ित ने आरोपी पर न केवल वादाखिलाफी का, बल्कि धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

ग्राम बरखेड़ा पांडेय निवासी शांति प्रसाद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 14 अप्रैल 2023 को उन्होंने थाना आईटीआई और पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर को शिकायत सौंपी थी। शिकायत में आरोप था कि पटवारी राजकुमार, जो मुरादाबाद के थाना डिलारी का निवासी है और खटीमा में तैनात है, ने उनके बेटे को नौकरी दिलाने के नाम पर 12 लाख रुपये लिए, लेकिन वादा पूरा नहीं किया।

शांति प्रसाद के अनुसार, मामले में एसपी काशीपुर ने राजकुमार को नोटिस भेजकर बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुआ। इसके बाद चौकी प्रभारी ने 12 अक्टूबर 2024 को एसडीएम खटीमा को पत्र भेजकर मामले की जानकारी दी।

शांति प्रसाद का कहना है कि इसके बाद राजकुमार ने अपने साथी राजवीर सिंह निवासी ग्राम रहमापुर, जसपुर के माध्यम से राजीनामे और रुपये लौटाने की बात कही। 29 अक्टूबर 2024 को ग्राम प्रधान धीमरखेड़ा के घर पर, राजकुमार, राजवीर सिंह, उनके बेटे उदयराज सिंह, दीपक सिंह और अन्य लोगों की मौजूदगी में, चार लाख 50 हजार रुपये लौटाने पर सहमति बनी। इसमें से 50 हजार नकद दिए गए, जबकि चार लाख रुपये का चेक 15 दिसंबर 2024 की तारीख का दिया गया।

लेकिन आरोप है कि राजकुमार ने धोखाधड़ी करते हुए किसी अन्य व्यक्ति के नाम का चेक उनके बेटे को दे दिया। जब यह बात सामने आई और शांति प्रसाद ने राजकुमार को फोन किया, तो उसने रुपये लौटाने से इनकार कर दिया और जान से मारने की धमकी दी।

आईटीआई थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर पटवारी राजकुमार और उसके सहयोगी के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी देने के मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्य जुटाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Spread the love