Spread the love

किदवई नगर में रेलवे भूमि पर अतिक्रमण, सात परिवारों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी

हल्द्वानी। शहर के किदवई नगर क्षेत्र में रेलवे और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने सोमवार को एक बड़ी कार्रवाई के तहत रेलवे भूमि पर किए गए अवैध कब्जे का खुलासा किया। सर्वेक्षण के दौरान सात नेपाली मूल के परिवार रेलवे की जमीन पर टीनशेड डालकर निवास करते हुए पाए गए। हैरानी की बात यह रही कि इन परिवारों के पास उत्तराखंड का राशन कार्ड और आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पांच लाख तक के इलाज का कार्ड भी मिला।

प्रशासन और रेलवे की संयुक्त टीम ने खसरा, नक्शा एवं सीमांकन अभिलेखों के आधार पर सरकारी भूमि का निरीक्षण किया और कब्जाधारियों की पहचान की। टीम ने मौके पर अतिक्रमण की प्रारंभिक सूची भी तैयार की, जिसमें नाम, कब्जे का स्वरूप और उपयोग किए गए क्षेत्रफल का विवरण दर्ज किया गया।

सर्वे के दौरान यह भी पाया गया कि कब्जाधारी अवैध रूप से बिजली का उपयोग कर रहे हैं। इस पर तत्काल ऊर्जा निगम की टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने बिजली चोरी की पुष्टि की और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इन परिवारों द्वारा प्रस्तुत किए गए दस्तावेजों — जैसे राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, और अन्य प्रमाण पत्रों — की वैधता तथा पते और नागरिकता की स्थिति की पुष्टि के लिए मामला संबंधित विभागों को भेज दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि दस्तावेजों की गहराई से जांच की जाएगी और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Spread the love