ऐतिहासिक नंदा राजजात यात्रा की तैयारियाँ शुरू
बागेश्वर जिला सभागार में हुई अहम बैठक, चार पड़ाव होंगे निर्धारित
संवाददाता सीमा खेतवाल

बागेश्वर। आगामी वर्ष 2026 में आयोजित होने वाली ऐतिहासिक एवं धार्मिक नंदा राजजात यात्रा की तैयारियों को लेकर मंगलवार को जिला सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने की।
बैठक में बताया गया कि यात्रा जनपद बागेश्वर के अंतर्गत सिरकोट, बदियाकोट से कुवांरी तथा सोराग से बोरबलड़ा क्षेत्र से होकर गुजरेगी। जिले में यात्रा के दौरान कुल चार पड़ाव निर्धारित किए गए हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने बैठक में उपस्थित विभागीय अधिकारियों को उनके कार्य और जिम्मेदारियों की जानकारी दी। उन्होंने निर्देश दिए कि यात्रा से संबंधित सभी प्रस्ताव और योजनाएँ एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत की जाएं। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सभी विभाग जनप्रतिनिधियों के साथ तालमेल और समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि यात्रा का संचालन सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल हो सके।
बैठक में डीएफओ ध्रुव मर्तोलिया, एडीएम एनएस नबियाल, डीडीओ संगीता आर्या, जिला परियोजना निर्देशक शिल्पी पंत, उपजिलाधिकारी प्रियंका रानी एवं अनिल सिंह रावत सहित वन विभाग, लोक निर्माण विभाग, जल निगम, ऊर्जा निगम, स्वास्थ्य विभाग, पर्यटन विभाग और अन्य संबद्ध विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि नंदा राजजात यात्रा सांस्कृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
