जनपद पुलिस का जन जागरुकता अभियान लगातार जारी, छात्र-छात्राओं को दी साइबर सुरक्षा और आत्मरक्षा की जानकारी
संवाददाता सीमा खेतवाल
बागेश्वर पुलिस द्वारा जन जागरुकता अभियान के तहत, प्रभारी साइबर सैल उ0नि0 निर्मला पटवाल और प्रभारी ए0एच0टी0यू0 उ0नि0 मीना रावत ने ताईकांडो अकेडमी मण्डलसेरा में छात्र-छात्राओं को कानूनी, साइबर सुरक्षा और आत्मरक्षा के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
श्रीमान पुलिस अधीक्षक महोदय बागेश्वर श्री चंद्रशेखर घोड़के के आदेशानुसार, जनपद में चल रहे जन जागरुकता कार्यक्रम के तहत यह अभियान चलाया गया। इस दौरान निम्नलिखित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई:
साइबर सुरक्षा और ऑनलाइन धोखाधड़ी: छात्र-छात्राओं और स्टाफ को साइबर क्राइम, ऑनलाइन धोखाधड़ी और उससे बचने के उपायों के बारे में जानकारी दी गई। साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और साइबर क्राइम से संबंधित कानूनी प्रावधानों के बारे में बताया गया।
नशे से बचाव: युवाओं में बढ़ती नशे की लत और उसके दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया और नशे से बचने के उपाय बताए गए। साथ ही नशा उन्मूलन के महत्व को समझाया गया।
महिला और बच्चों की सुरक्षा: महिला और बच्चों से संबंधित अपराधों (जैसे यौन शोषण, बाल विवाह, बाल श्रम) के बारे में जानकारी दी गई। “गुड टच-बैड टच” के बारे में बताया गया और महिलाओं की सुरक्षा हेतु बनाए गए कानूनी प्रावधानों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही “आपरेशन मुक्ति” के तहत शिक्षा के महत्व पर जोर दिया गया और बाल श्रम व भिक्षावृति के खिलाफ जागरूक किया गया।
उत्तराखंड पुलिस एप: महिलाओं की सुरक्षा के लिए बनाए गए उत्तराखंड पुलिस एप और गौरा शक्ति फीचर के बारे में जानकारी दी गई। छात्र-छात्राओं से पुलिस एप डाउनलोड करने की अपील की गई।
आत्मरक्षा के गुर: छात्र-छात्राओं को आत्मरक्षा के सरल तरीके सिखाए गए, जिसमें सभी छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
यातायात सुरक्षा: यातायात नियमों के बारे में जानकारी दी गई और नाबालिगों से वाहन न चलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।
पुलिस सहायता नंबर-112: पुलिस सहायता नंबर 112 की उपयोगिता के बारे में बताया गया और इस नंबर को इमरजेंसी में प्रयोग करने की सलाह दी गई।
