उत्तराखंड में ‘हीट वेव’ का रेड अलर्ट: 27 मई तक सावधान! दोपहर में घर से बाहर न निकलने की सलाह
उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में अगले तीन दिनों तक भीषण गर्मी और लू (Heat Wave) का सितम जारी रहने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 25 मई से 27 मई 2026 तक राज्य के कई हिस्सों में लू चलने की प्रबल संभावना व्यक्त की है।
मौसम विभाग के अनुसार, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में गर्मी का सबसे ज्यादा असर रहेगा। इसके अलावा देहरादून, पौड़ी, नैनीताल और चम्पावत के मैदानी क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से काफी ऊपर जाने की उम्मीद है।
आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने सभी जिलाधिकारियों को 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। आपातकालीन परिचालन केंद्रों को सक्रिय कर दिया गया है ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि सभी सरकारी अस्पतालों में ओआरएस (ORS), आवश्यक दवाइयां, बर्फ और कूलिंग उपकरणों की पर्याप्त व्यवस्था रखी जाए। लू से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए विशेष तैयारी के आदेश दिए गए हैं।
नगर निकायों को प्रमुख चौराहों, बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर शीतल जल और प्याऊ की व्यवस्था करने को कहा गया है। बिजली विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि गर्मी के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करें ताकि लोगों को राहत मिल सके।
यह भी पढ़ें 👉मुख्यमंत्री धामी ने 6.75 करोड़ की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक मीडिया सेंटर का किया शिलान्यास
धूप में काम करने वाले मजदूरों और बाहरी कर्मियों के लिए कार्य समय में बदलाव की सलाह दी गई है। प्रशासन ने कहा है कि निर्माण कार्यों या अन्य भारी कामों को केवल सुबह और शाम के समय ही किया जाए।
सचिव आपदा प्रबंधन ने लोगों से अपील की है कि वे दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें। शरीर में पानी की कमी न होने दें और नींबू पानी, छाछ या अन्य तरल पदार्थों का लगातार सेवन करते रहें।





