चमोली के नंदानगर में बादल फटने से तबाही: कई घर दबे, 5 लोग लापता
भारी बारिश से नंदानगर तहसील में हाहाकार
चमोली जनपद के नंदानगर तहसील के धुर्मा और कुंतरी गांव में मंगलवार देर रात भारी बारिश और बादल फटने से तबाही मच गई। धुर्मा गांव में 4-5 भवनों को नुकसान पहुंचा है, हालांकि यहां जनहानि की सूचना नहीं है। वहीं, कुंतरी वार्ड में स्थिति बेहद गंभीर हो गई है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, नंदानगर नगर पंचायत के वार्ड कुंतरी लगाफाली में मलबा आने से छह भवन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इस घटना में 5 लोग लापता बताए जा रहे हैं, जबकि 2 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम नंदप्रयाग पहुंच गई है। वहीं, एनडीआरएफ की टीम भी गोचर से रवाना कर दी गई है। चमोली के सीएमओ ने बताया कि मौके पर राहत कार्यों के लिए मेडिकल टीम और तीन 108 एंबुलेंस भेजी गई हैं।
लगातार हो रही बारिश और अंधेरे के कारण राहत व बचाव कार्य में मुश्किलें आ रही हैं। प्रशासन की टीम नंदानगर पहुंचने की कोशिश कर रही है, लेकिन हालात इतने भयावह हैं कि मौके तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई लोग अभी भी घरों में फंसे हुए हैं और कुछ लापता हैं, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है।
जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने बताया कि नंदानगर के कुंतरी गांव में बादल फटने की घटना की सूचना मिली है। नुकसान और जनहानि की सटीक जानकारी अभी नहीं मिल पाई है। राहत-बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके के लिए रवाना हो चुकी हैं। वहीं, जेसीबी मशीनों को भी मलबा हटाने के लिए भेजा गया है।
गांव के निवासी नंदन सिंह रावत ने बताया कि कुंतरी गांव में कई घर मलबे में दब गए हैं और लोगों का कोई अता-पता नहीं है। कुछ लोगों से फोन पर बात हुई है, लेकिन वे घरों में फंसे हुए हैं और बाहर निकलने में असमर्थ हैं।
