Spread the love

आज हल्द्वानी में योगी आदित्यनाथ तो प्रियंका गांधी रामनगर और रुड़की में करेंगी जनसभा को संबोधित

आज योगी आदित्यनाथ व कांग्रेसी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी आज हल्द्वानी व रामनगर में जनसभा करेंगे। दोनों माननीयों की सुरक्षा के लिए पुलिस ने कमर कस ली है। चार कंपनी पीएसी समेत 700 पुलिसकर्मी माननीयों की सुरक्षा में तैनात रहेंगे।

लोकसभा चुनाव प्रचार में भाजपा और कांग्रेस के स्टार प्रचारकों के बीच होड़ शुरू हो गई है। रुद्रपुर और ऋषिकेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा के बाद शनिवार को योगी आदित्यनाथ हल्द्वानी में जनसभा करेंगे। मिशन-2024 के इस चुनाव में योगी पहली बार उत्तराखंड में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। योगी की जनससभा दोपहर 12 बजे से एमबी इंटर कालेज मैदान में आयोजित होगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हल्द्वानी दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा शहर का रूट प्लान तैयार किया गया है। जिसके तहत बड़े वाहनों को रामपुर रोड से आने वाले और पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले सभी बड़े वाहनों को शीतल होटल तिराहे से डायवर्ट किया जाएगा।

भाजपा ने जहां कई दिन पहले से अपने स्टार प्रचारकों को चुनावी रणभूमि  में उतार दिया है। वहीं कांग्रेस का चुनाव प्रचार का जिम्मा पार्टी प्रत्याशियों के साथ पूर्व सीएम हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व विधायक प्रीतम सिंह के कंधों पर है। अब जबकि प्रचार के लिए पांच दिन शेष रह गए हैं, पार्टी प्रत्याशियों के प्रचार के लिए प्रियंका गांधी वाड्रा मैदान में उतर रही हैं।

वह आज  शनिवार को रामनगर और रुड़की में जनसभा करेंगी। नगर के पीरूमदारा में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी न्याय रैली के जरिए पौड़ी गढ़वाल व नैनीताल उधमसिंह नगर ससंदीय सीट के वोटरों को साधने का काम करेंगी। उनकी रामनगर में पहली जनसभा के लिए कार्यकर्ताओं ने तैयारी पूरी कर ली है।

वह हेलीकॉप्टर पीरूमदारा के सेंट जोजफ स्कूल में सुबह 11:50 मिनट पर उतरेगा, उसके बाद कार से वह जनसभा स्थल तक पहुंचेंगी। यहां पर एक घंटा संबोधन करने के बाद  वह रुड़की में होने वाली चुनावी सभा के लिए लौट जाएंगी।


Spread the love